पूर्णिया नगर निगम की बैठक में बड़े फैसले, सार्वजनिक स्थलों और पार्कों में लगेंगे CCTV कैमरे
- by Raushan Pratyek Media
- 28-Nov-2026
- Views
पूर्णिया नगर निगम की बैठक में कई अहम फैसले, सार्वजनिक स्थलों और पार्कों में लगेंगे CCTV कैमरे
पूर्णिया: शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। शनिवार को नगर निगम सभागार में महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें साफ-सफाई व्यवस्था, शहर के सौंदर्यीकरण, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा हुई।
बैठक में महापौर विभा कुमारी ने शहर के समग्र विकास से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द धरातल पर उतारने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, शहर की सुंदरता और नागरिक सुविधाओं में सुधार नगर निगम की प्राथमिकता है। जनहित से जुड़े कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और विकास योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
पूर्णिया सिटी घाट और पार्कों में लगेंगे CCTV कैमरे
बैठक में सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इसके तहत पूर्णिया सिटी घाट, विभिन्न पार्कों और नगर निगम द्वारा विकसित सभी प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
इस व्यवस्था से सार्वजनिक स्थानों पर असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी। साथ ही सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा और इन स्थानों पर आने वाले नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकेगा।
लंबित विकास कार्यों की भी हुई समीक्षा
बैठक में पूर्व में आयोजित बोर्ड और सशक्त स्थायी समिति की बैठकों में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा की गई। लंबित विकास कार्यों को गति देने और नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने पर चर्चा हुई।
समिति ने जनहित से जुड़ी योजनाओं, साफ-सफाई, विकास और शहर के सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्यों को जल्द क्रियान्वित करने पर सहमति जताई।
बैठक में ये लोग रहे मौजूद
बैठक में उप महापौर पल्लवी गुप्ता, पदेन सदस्य ममता सिंह, आशा महतो, कमली देवी, कुमारी खुशबू, मुर्शिदा खातून और स्वपन घोष उपस्थित रहे।
इसके अलावा सिटी मैनेजर पवन कुमार पवन, प्रधान सहायक रूपेश कुमार और उमेश यादव सहित अन्य संबंधित लोग भी बैठक में शामिल हुए।


Post a comment