गांधी सेतु के समानांतर महासेतु का 73 प्रतिशत काम पूरा, इस दिन तक होगा शुरू
- by Manjesh Kumar
- 10-Jun-2026
- Views
गांधी सेतु के समानांतर बन रहे नए महासेतु का 73 फीसदी काम पूरा, दिसंबर 2027 से थमेगा जाम का झंझट। 2926 करोड़ रुपये के मेगा प्रोजेक्ट से बदलेगी उत्तर और दक्षिण बिहार की तस्वीर। पुल के साथ बन रहा है 8-लेन एप्रोच रोड, मिनटों में तय होगा पटना से हाजीपुर का सफर
पटना: उत्तर और दक्षिण बिहार की लाइफलाइन कहे जाने वाले महात्मा गांधी सेतु के समानांतर गंगा नदी पर बन रहे नए 4-लेन महासेतु का निर्माण कार्य अब अपने अंतिम दौर में पहुंच चुका है। पटना, सारण और वैशाली जिलों को आपस में जोड़ने वाली इस 14.500 किलोमीटर लंबी महापरियोजना की अब तक 73 फीसदी भौतिक प्रगति (काम) पूरी कर ली गई है। 2574.20 करोड़ रूपये से 2926.42 करोड़ रुपए तक की संशोधित लागत वाले इस बेहद महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को 30 दिसंबर 2027 तक पूरी तरह चालू करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस 4-लेन महासेतु का निर्माण देश की जानी-मानी कंपनी मैसर्स एसपी सिंगला कंस्ट्रक्शंस प्राइवेट लिमिटेड कर रही है। काम की गुणवत्ता पर बारीकी से नजर रखने के लिए मैसर्स दोहवा इंजीनियरिंग कंपनी लिमिटेड (जेवी चाणक्य प्रोजेक्ट्स कंसल्टेंसी एवं ट्रांसटेक इंजीनियर्स) को अथॉरिटी इंजीनियर नियुक्त किया गया है। इस प्रोजेक्ट का एग्रीमेंट अमाउंट 1794.37 करोड़ रुपए था और जमीन पर काम की शुरुआत (अपॉइंटेड डेट) 25 मार्च 2021 की गई थी। पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल का कहना है कि एक्स्ट्रा डोज्ड तकनीक से बन रहे इस मुख्य पुल में कुल 33 वेल फाउंडेशन बनने हैं, जिनमें से 31 का काम पूरा हो चुका है और केवल 2 का काम वेल कैप के लिए बाकी है। कुल 33 पिलर्स में से 16 पियर टेबल का काम पूरी तरह तैयार है और 4 पर काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि 3 पियर टेबल का काम जल्द शुरू होगा। विभागीय सचिव ने बताया कि पुल के लिए कुल 1868 कंक्रीट सेगमेंट्स की जरूरत है, जिसमें से 1381 की ढ़लाई की जा चुकी है और 953 सेगमेंट्स को पिलर्स पर सफलतापूर्वक फिट (इरेक्ट) भी कर दिया गया है। कुल 8 पिलर्स पर सेगमेंट लॉन्चिंग पूरी हो चुकी है और 6 पर काम जारी है।
एप्रोच रोड के लिए मिट्टी भराई का काम 77 फीसदी पूरा
महात्मा गांधी सेतु के समानांतर गंगा नदी पर बन रहे नए 4-लेन महासेतु के दोनों तरफ एप्रोच रोड के लिए मिट्टी भराई का काम 77 प्रतिशत (11.60 लाख घन मीटर) पूरा हो चुका है। इसके साथ ही आरई पैनल कास्टिंग का 92 प्रतिशत काम हो चुका है। सड़क को मजबूती देने वाले जीएसबी का 61 प्रतिशत, डब्ल्यूएमएम का 50 प्रतिशत और डीबीएम का 48 प्रतिशत कार्य भी जमीनी स्तर पर पूरा कर लिया गया है।
4-लेन महासेतु के नवनिर्माण से बढ़ेगी कई सहूलियत
उत्तर और दक्षिण बिहार की लाइफलाइन कहे जाने वाले महात्मा गांधी सेतु के समानांतर 4-लेन महासेतु के नवनिर्माण से वर्तमान गांधी सेतु पर गाड़ियों के भारी दबाव और जाम की समस्या से स्थायी छुटाकारा मिलेगा। वाहनों के लिए पटना से हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, छपरा और सीवान का सफर बेहद आसान हो जाएगा। साथ ही उत्तर बिहार के गंभीर मरीजों को इमरजेंसी में बेहतर इलाज के लिए पटना आने और जाने में सहूलियत होगी। हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र के उद्योगों और उत्तर बिहार के किसानों की ताजी सब्जियां, फल बिना समय गंवाए पटना की मंडियों तक पहुंच सकेंगे। इससे परिवहन लागत घटेगी और किसानों का मुनाफा बढ़ेगा।


Post a comment