नशा मुक्ति प्रतियोगिता में छात्राओं का दबदबा, तीनों विधाओं में हासिल किया प्रथम स्थान

कटिहार: आदर्श मध्य विद्यालय गुरुबाजार के परिसर में प्रखंड स्तरीय नशा मुक्ति एवं मद्य निषेध विषय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी, कटिहार के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार धीरज ने फीता काटकर किया। प्रतियोगिता में बरारी प्रखंड के विभिन्न माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के कक्षा नौवीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसमें भाषण, वाद-विवाद एवं चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और विचारों को प्रस्तुत करने का अवसर मिला।

प्रतिभागियों ने नशे के दुष्परिणाम, सामाजिक जीवन पर इसके प्रभाव तथा नशामुक्त समाज के निर्माण की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। वहीं, चित्रकला के माध्यम से भी नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने का संदेश दिया गया। प्रतियोगिता के परिणाम में उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय लक्ष्मीपुर की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। भाषण प्रतियोगिता में प्रिया कुमारी, वाद-विवाद में साक्षी राही तथा चित्रकला प्रतियोगिता में कोमल कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया।

निर्णायक मंडल में शिक्षक राम जयपाल सिंह यादव, भगत सिंह, विशम्भर मिश्रा, बलवंत कुमार जायसवाल, राकेश कुमार रजक, जिम्मी कुमारी एवं प्रियंका कुमारी शामिल थे। चयनित प्रतिभागी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में बरारी प्रखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। तीनों विधाओं में छात्राओं की सफलता से विद्यालय परिवार एवं शिक्षकों में खुशी का माहौल है।

  

Related Articles

Post a comment