जापान की शिक्षिका ने बिहार के नवादा में मनाया छठ महापर्व, भोजपुरी गीत गाकर जीता ग्रामीणों का दिल
- by Raushan Pratyek Media
- 16-Nov-2026
- Views
जापान की शिक्षिका ने बिहार के नवादा में मनाया छठ महापर्व, भोजपुरी गीत गाकर जीता ग्रामीणों का दिल
नवादा: भारतीय संस्कृति और लोक आस्था का प्रतीक छठ महापर्व अब विदेशों के लोगों को भी आकर्षित कर रहा है। बिहार के नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड स्थित ऐतिहासिक पिरौटा गांव में इसकी अनूठी मिसाल देखने को मिली। यहां जापान की शिक्षिका काना मियामुरा ने पूरे श्रद्धा और समर्पण के साथ छठ महापर्व मनाया।
काना मियामुरा ने चार दिवसीय छठ व्रत के सभी पारंपरिक नियमों का पालन किया। सोमवार की सुबह उन्होंने पिरौटा तालाब में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रत का विधि-विधान से समापन किया। उनकी इस आस्था और भारतीय परंपराओं के प्रति लगाव को देखकर गांव के लोग भी काफी प्रभावित हुए।
दो महीने तक किया सात्विक भोजन
जापान से बिहार पहुंची काना मियामुरा पिछले कुछ समय से भारतीय संस्कृति और परंपराओं को करीब से समझ रही हैं। छठ महापर्व के प्रति उनकी विशेष रुचि इस दौरान देखने को मिली। उन्होंने व्रत की तैयारियों के लिए करीब दो महीने तक सात्विक भोजन किया और छठ पूजा से जुड़े नियमों को समझकर उनका पालन किया।
उन्होंने एक सामान्य छठ व्रती की तरह नहाय-खाय, खरना और सूर्य को अर्घ्य देने की परंपराओं में हिस्सा लिया। कठिन साधना, स्वच्छता और अनुशासन से जुड़े इस पर्व को उन्होंने पूरी श्रद्धा के साथ निभाया।
भोजपुरी में छठ गीत गाकर जीता दिल
छठ पूजा के दौरान काना मियामुरा ने भोजपुरी में पारंपरिक छठ गीत भी गाए। उनके भोजपुरी गीतों ने पिरौटा गांव के लोगों का ध्यान आकर्षित किया। स्थानीय ग्रामीणों के बीच उनकी इस पहल की चर्चा रही।
पिरौटा तालाब पर उन्होंने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान छठ पूजा की पारंपरिक विधियों और लोकगीतों के जरिए उन्होंने बिहार की लोक संस्कृति को करीब से अनुभव किया।
प्रकृति और सूर्य के प्रति कृतज्ञता ने किया प्रभावित
काना मियामुरा ने कहा कि छठ महापर्व की परंपरा उन्हें बेहद अद्भुत और प्रेरणादायक लगी। इस पर्व में प्रकृति, सूर्य और जल के प्रति कृतज्ञता का भाव दिखाई देता है। चार दिनों तक व्रतियों का अनुशासन, परिवार और समाज का सहयोग तथा घाटों पर सामूहिक श्रद्धा का माहौल उन्हें बहुत अच्छा लगा।
उन्होंने बताया कि भारतीय संस्कृति में आस्था और प्रकृति के बीच गहरा संबंध है, जिसने उन्हें विशेष रूप से प्रभावित किया। जापान में भी प्रकृति के सम्मान की परंपरा है। ऐसे में छठ महापर्व की परंपराओं ने उन्हें अपनापन महसूस कराया।
काना मियामुरा का यह अनुभव दिखाता है कि भारतीय लोक परंपराएं और आस्था की संस्कृति देश की सीमाओं से आगे भी लोगों को जोड़ रही हैं। नवादा के पिरौटा गांव में उनकी छठ पूजा इस सांस्कृतिक जुड़ाव की एक खास मिसाल बन गई।


Post a comment