17 वर्ष पहले आचार संहिता उल्लंघन मामले में भागलपुर कोर्ट पहुंचे झारखंड के मंत्री, कहा...

भागलपुर: झारखंड सरकार के उद्योग मंत्री और गोड्डा विधायक संजय यादव वर्ष 2009 में दर्ज आचार संहिता उल्लंघन के पुराने मामले में भागलपुर एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश हुए। अदालत में भौतिक उपस्थिति दर्ज कराने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की और मामले को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की। संजय यादव ने कहा कि उनके खिलाफ अदालत की ओर से कोई नया वारंट जारी नहीं हुआ है उन्होंने बताया कि सुनवाई के दौरान लगातार अनुपस्थित रहने वाले गवाहों के खिलाफ न्यायालय ने वारंट जारी किया है।

मंत्री ने पूरे मामले को राजनीतिक साजिश करार दिया और कहा कि वर्ष 2009 में उनके ढाका मोड़ स्थित आवासीय परिसर में पारंपरिक चैती दुर्गा पूजा का आयोजन हुआ था। उसी दौरान चुनाव की घोषणा होने के कारण आचार संहिता लागू थी। पूजा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने को आधार बनाकर उनके खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया था। संजय यादव का कहना है कि यह कोई राजनीतिक या चुनावी कार्यक्रम नहीं बल्कि वर्षों पुरानी पारिवारिक और धार्मिक परंपरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधियों ने उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से धार्मिक आयोजन को चुनावी गतिविधि से जोड़ दिया। मामला अदालत में विचाराधीन है और वह न्यायपालिका का सम्मान करते हुए कानूनी प्रक्रिया में पूरा सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मामले की सुनवाई स्पीड ट्रायल के तहत चल रही है।

  

Related Articles

Post a comment