गुरुमेला पंचायत का कचरा प्रबंधन केंद्र खुद बना उपेक्षा का शिकार, चारों तरफ उगी झाड़ियां
- by Manjesh Kumar
- 08-Jul-2026
- Views
तीन साल पहले मनरेगा से हुआ था निर्माण, रखरखाव के अभाव में जर्जर हुई स्थिति; स्वच्छता व्यवस्था पर उठे सवाल
कटिहार: बरारी प्रखंड की गुरुमेला पंचायत में मनरेगा योजना के तहत लगभग तीन वर्ष पूर्व निर्मित कचरा प्रबंधन इकाई आज खुद ही उपेक्षा और बदहाली का प्रतीक बन गई है। उचित रखरखाव और नियमित उपयोग के अभाव में भवन जर्जर होने की कगार पर पहुंच गया है। स्थल का निरीक्षण करने पर कचरा प्रबंधन केंद्र के चारों ओर घनी झाड़ियां और जंगल उगे हुए दिखाई देते हैं। भवन की छत पर लगी टीन और शेड भी कई जगह से उड़ चुकी है, जिससे भवन की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भवन की वर्तमान स्थिति देखकर सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि पंचायत में स्वच्छता व्यवस्था किस स्तर पर संचालित हो रही है। उनका आरोप है कि कचरा संग्रहण और प्रबंधन का कार्य केवल कागजों तक सीमित है। यदि नियमित रूप से कचरा उठाव और प्रबंधन का कार्य हो रहा होता, तो कचरा प्रबंधन इकाई की ऐसी बदहाल स्थिति नहीं होती। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि संबंधित पर्यवेक्षक और सफाईकर्मी केवल हाजिरी बनाकर अपनी औपचारिकता पूरी कर लेते हैं, जबकि स्थल पर नियमित रूप से कोई कार्य नहीं किया जाता। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से कचरा प्रबंधन केंद्र की मरम्मत कराने, नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।


Post a comment