कटिहार के आजमनगर में तिरंगा यात्रा में शामिल हुए अधिकारी और जनप्रतिनिधि, इलाका हुआ देशभक्ति नारों से गुंजायमान

कटिहार: स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को कटिहार जिले के आजमनगर थाना मैदान से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाना था। हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक यात्रा में भाग लिया और देशभक्ति के नारों से पूरे क्षेत्र का वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी सरोज कुमार, थानाध्यक्ष नीरज कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष नंदलाल पाल सहित भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से किया।

यात्रा थाना मैदान से प्रारंभ होकर केसरी चौक होते हुए गांधी चौक पहुंची, जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके बताए सत्य, अहिंसा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को याद किया गया। इसके बाद तिरंगा यात्रा बाजार स्थित डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंची। वहां उपस्थित लोगों ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर संविधान निर्माताओं के योगदान को नमन किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बनाए रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी सरोज कुमार थानाध्यक्ष नीरज कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष नंदलाल पाल, भाजपा नेता मानिकचंद मालाकार, रामजी प्रसाद केसरी, मनोज भगत, मोहम्मद मिनहाज आलम, राकेश सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा, महिलाएं एवं ग्रामीण शामिल हुए। पूरे मार्ग में लोगों ने तिरंगा लहराकर यात्रा का स्वागत किया। आयोजन के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, एकता, अखंडता और देश के प्रति समर्पण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

  

Related Articles

Post a comment