रसोइया और प्रधानाध्यापक के बीच विवाद का जांच, छात्रों ने कहा 'दोनों को हटाया जाए'

कटिहार: कटिहार जिले के आजमनगर प्रखंड क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय ग्वालटोली सिंहपुर में कार्यरत रसोईया पर शिक्षिका के साथ मारपीट एवं अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है। रसोईया आशा देवी के कथित अमर्यादित आचरण से परेशान शिक्षिका रीमा घोष ने मामले को लेकर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को लिखित आवेदन दिया है। वहीं छात्र छात्राओं सहित ग्रामीणों ने रसोईया आशा देवी एवं प्रधानाध्यापक के तबादले की भी मांग की है। शिक्षिका के आवेदन पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अल्ताफ हुसैन ने विद्यालय पहुंचकर मामले की जांच की। जांच के दौरान विद्यालय में उपस्थित छात्र-छात्राओं, स्थानीय ग्रामीणों एवं अन्य सहायक शिक्षकों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए गए।

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अल्ताफ हुसैन ने बताया कि जांच के क्रम में प्राप्त बयानों एवं तथ्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया संपूर्ण घटना में रसोईया की गलती एवं अनुशासनहीनता स्पष्ट रूप से सामने आई है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का हिंसक एवं अमर्यादित आचरण विद्यालय के शैक्षणिक माहौल, अनुशासन तथा शिक्षकों की सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। उन्होंने विद्यालय शिक्षा समिति को निर्देश दिया है कि पत्र प्राप्ति के 24 घंटे के अंदर आपातकालीन बैठक आयोजित कर रसोईया आशा देवी के विरुद्ध विद्यालय हित, बच्चों की सुरक्षा एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण को ध्यान में रखते हुए विभागीय दिशा-निर्देश के अनुसार आवश्यक निर्णय पारित किया जाए। प्रधानाध्यापक मोहम्मद मुबाशिर आलम ने ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताया। जबकि रसोईया आशा देवी ने भी आरोपों को निराधार बताया है।

  

Related Articles

Post a comment