कटिहार के शीशियां पंचायत में सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप, ग्रामीण की मांग पर अधिकारी ने कहा...
- by Manjesh Kumar
- 08-Jul-2026
- Views
कटिहार के शीशियां पंचायत में सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों ने जांच की मांग उठाई। पंचायती राज पदाधिकारी बोले 'जांच में गड़बड़ी मिलने पर होगी कार्रवाई'
कटिहार: कटिहार के बरारी प्रखंड की शीशियां पंचायत के कठौतिया गांव के वार्ड संख्या 4 एवं 5 स्थित हाजी मोहल्ला में चल रहे सड़क निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी और व्यापक अनियमितता का आरोप लगाते हुए वरीय अधिकारियों से जांच कर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की ढलाई 8:1 के मसाले से कराई जा रही है, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है। साथ ही निर्माण में उपयोग की जा रही गिट्टी निम्न गुणवत्ता की है तथा बालू में मिट्टी की मिलावट है। लोगों का कहना है कि सड़क की ढलाई केवल 3 से 4 इंच मोटाई में की जा रही है, जबकि नीचे अधिक मात्रा में रवीश भरकर सड़क को ऊंचा कर दिया गया है। इससे सड़क की मजबूती और टिकाऊपन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण स्थल पर कार्य से संबंधित कोई सूचना पट्ट (डिस्प्ले बोर्ड) नहीं लगाया गया है। ऐसे में यह जानकारी नहीं मिल पा रही है कि सड़क का निर्माण किस योजना के तहत, किस विभाग द्वारा और कितनी राशि की लागत से कराया जा रहा है। लोगों का कहना है कि सरकारी निर्माण कार्यों में सूचना पट्ट लगाना अनिवार्य होता है, ताकि आम जनता को योजना की जानकारी मिल सके। स्थानीय ग्रामीण मो अजीज, मो दिलशाद, अब्दुल करीम, शाहनवाज, फैसल सहित अन्य लोगों ने वरीय अधिकारियों से निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच करने तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी राशि से बनने वाली सड़क में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
इस संबंध में पूछे जाने पर बरारी के पंचायती राज पदाधिकारी राजकुमार सिंह ने कहा कि यदि जांच के दौरान निर्माण कार्य में किसी प्रकार की अनियमितता या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो संबंधित एजेंसी या जिम्मेदार व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा और आवश्यक जांच कराई जाएगी।


Post a comment