मुहर्रम के मद्देनजर किशनगंज पुलिस ने किया दंगा नियंत्रण ड्रिल, जवानों को दिए गए कई विशेष प्रशिक्षण

किशनगंज: मुहर्रम पर्व के दौरान जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से किशनगंज के एसपी के निर्देशानुसार असफाकउल्लाह खां खगड़ा स्टेडियम में पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने दंगा नियंत्रण (रायट कंट्रोल) ड्रिल किया। इस दौरान पुलिस बल ने एंटी-रायट गियर एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों से सुसज्जित होकर दंगा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, त्वरित प्रतिक्रिया, कानून-व्यवस्था संधारण तथा आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने का व्यावहारिक अभ्यास किया। ड्रिल के दौरान विभिन्न परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली रणनीतियों, टीम समन्वय, सुरक्षा उपायों तथा नियंत्रित एवं प्रभावी बल प्रयोग का प्रशिक्षण दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने जवानों को किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

पुलिस प्रशासन के अनुसार इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल की कार्यकुशलता, समन्वय, अनुशासन तथा आपात परिस्थितियों से निपटने की क्षमता को और अधिक सुदृढ़ बनाना है, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम रखी जा सके। किशनगंज पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मुहर्रम पर्व के दौरान आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं शांति बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दें।पुलिस प्रशासन ने कहा है कि मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए किशनगंज पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध एवं तत्पर है।

  

Related Articles

Post a comment