सोनम वांगचुक के समर्थन में किशनगंज के युवा भी करेंगे भूख हड़ताल, जानें और क्या है प्लान...
- by Manjesh Kumar
- 19-Jul-2026
- Views
किशनगंज: दिल्ली के जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक एवं अभिजीत दिपके द्वारा किए जा रहे धरना-प्रदर्शन एवं भूख हड़ताल के समर्थन में किशनगंज में भी युवाओं द्वारा धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 20 जुलाई सोमवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक शहर के टाउन हॉल के समक्ष आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, छात्र एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होकर जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करेंगे।
आयोजकों ने बताया कि इस अवसर पर युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों, शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों की समस्याओं, भविष्य की चुनौतियों एवं सामाजिक विषयों पर भी चर्चा की जाएगी। साथ ही युवाओं को समाज और देशहित से जुड़े मुद्दों पर जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को एक मंच पर जोड़ने, जनहित के विषयों पर विचार-विमर्श करने तथा लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा। आयोजकों ने जिले के सभी युवाओं, विद्यार्थियों, बुद्धिजीवियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन में शामिल हों और कार्यक्रम को सफल बनाएं।


Post a comment