श्रावणी मेले की पहचान बनीं कृष्णा बम, 42 वर्षों से लगातार कर रही हैं डाक बम यात्रा

भागलपुर: श्रावणी मेला और सोमवार से एक दिन पहले रविवार का दिन हो, लेकिन कच्ची कांवरिया पथ पर कृष्णा बम नजर न आएं, तो मानो मेला अधूरा सा लगता है। सुल्तानगंज से लेकर देवघर तक स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को हर साल कृष्णा बम के आगमन का बेसब्री से इंतजार रहता है। एक बार फिर 74 वर्षीय कृष्णा बम सुल्तानगंज पहुंचीं और नमामि गंगे घाट पर उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान कर पवित्र जल लिया। इसके बाद वह डाक बम के रूप में बाबा बैद्यनाथ के जलाभिषेक के लिए देवघर रवाना हुईं। यात्रा शुरू करने से पहले घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उनके साथ तस्वीर लेने के लिए उमड़ पड़ी।

कृष्णा बम पिछले 42 वर्षों से लगातार सुल्तानगंज से देवघर की डाक बम यात्रा कर रही हैं। चार दशक से अधिक समय से चली आ रही उनकी यह आस्था और साधना आज भी उसी उत्साह के साथ जारी है। रास्ते भर श्रद्धालु उनके पैर छूकर आशीर्वाद लेने के लिए लालायित रहते हैं। इस दौरान प्रशासन की ओर से भी उन्हें पूरी यात्रा में सहयोग मिलता है। 74 वर्ष की उम्र में भी कृष्णा बम के उत्साह और ऊर्जा में कोई कमी नहीं आई है। उन्होंने अब तक हजारों किलोमीटर पैदल यात्रा कर कई ज्योतिर्लिंगों और शक्तिपीठों में जलाभिषेक किया है। इसके अलावा वह हजारों किलोमीटर की साइकिल यात्रा भी कर चुकी हैं।

हर साल की तरह इस बार भी बाबा बैद्यनाथ के प्रति उनकी अटूट आस्था और समर्पण देखने को मिला। यात्रा की शुरुआत से पहले कृष्णा बम ने बातचीत में महादेव के प्रति अपनी भक्ति, वर्षों से चली आ रही इस कठिन यात्रा और अपने अनुभवों को साझा किया।

  

Related Articles

Post a comment