पूर्णिया में लाठी खेल प्रतियोगिता का हुआ समापन, सधुवेली की टीम बनी विजेता

पूर्णिया: जिले के केनगर प्रखंड क्षेत्र के बनभाग चूनापुर पंचायत अंतर्गत बनभाग चौक स्थित एसएच-65 के समीप स्थित मैदान में पारंपरिक लाठी खेल प्रतियोगिता का समापन हो गया। जिला परिषद सदस्य देशबन्धु कुमार उर्फ बुलबुल पासवान के सौजन्य से टूर्नामेंट का आयोजन हुआ। विभिन्न जिलों से आई टीमों ने अपने कला पारंपरिक युद्ध कौशल का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। एसडीपीओ सदर-2 डॉ गौरव कुमार, जिला परिषद सदस्य देशबन्धु कुमार पासवान, नौजवान कमिटी के अध्यक्ष मो इम्तियाज गुल तथा समाजसेवी रविशंकर सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इसका शुभारंभ किया।

एसडीपीओ डॉ गौरव कुमार ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। खेल से अनुशासन, आत्मविश्वास और आपसी सौहार्द की भावना विकसित होती है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि मुहर्रम हो या कोई अन्य अवसर किसी भी परिस्थिति में कानून को अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए तथा शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। जिला परिषद सदस्य ने  आयोजन के लिए नोजवान कमिटी बनभाग की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं समाज में भाईचारा, सद्भाव और पारंपरिक संस्कृति को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया और आश्वासन दिया कि अगले वर्ष प्रतियोगिता को और भी भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा।

इस प्रतियोगिता में सधुवेली, कटिहार, बथनाहा, भवानीपुर कदवा बासा, मनिहारी परोरा, झिरवा अररिया बेगमपुर, बेगूसराय सहित कुल आठ टीमों ने हिस्सा लिया। सभी टीमों ने लाठी खेल के विभिन्न पारंपरिक करतबों का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। बड़ी संख्या में जिला एवं पंचायत स्तर के लोग प्रतियोगिता देखने पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कड़े मुकाबले के बाद सधुवेली टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कप पर कब्जा जमाया। भवानीपुर कदवा बासा की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि कटिहार की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। विजेता टीमों को नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली सधुवेली टीम को 6,100 रुपये एवं ट्रॉफी, द्वितीय स्थान पर रही भवानीपुर कदवा बासा की टीम को 5,100 रुपये एवं ट्रॉफी, जबकि तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली कटिहार टीम को 4,100 रुपये एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। इस अवसर पर नोजवान कमिटी के मो रिंकू, मो अशफाक, मो परवेज, मो मबुस, मो आजाद, मो बाकर, मो सद्दाम, मो रुस्तम, मो गुलाम मुस्तफा, मो शमशाद सहित बड़ी संख्या में आयोजनकर्ता, गणमान्य नागरिक एवं खेल प्रेमी उपस्थित थे।

  

Related Articles

Post a comment