कटिहार के मनिहारी में विधायक ने पुस्तकालय का किया उद्घाटन, कहा 'शिक्षा सबसे बड़ी पूंजी'
- by Manjesh Kumar
- 04-Sep-2026
- Views
कटिहार: शिक्षा के प्रति जागरूकता और बौद्धिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बिहार सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘सशक्त समाज, सशक्त पंचायत’ अभियान के तहत पंचायतों में पुस्तकालय खोलने की पहल की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को मनिहारी प्रखंड के मनोहरपुर पंचायत भवन में पंचायत पुस्तकालय का उद्घाटन किया गया। पुस्तकालय का उद्घाटन मनिहारी के विधायक मनोहर प्रसाद सिंह एवं मनोहरपुर पंचायत की मुखिया शबनम कुमारी यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा ही समाज की वास्तविक पूंजी है और पंचायत स्तर पर पुस्तकालय की स्थापना बच्चों एवं युवाओं के बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को भी गांव में ही आवश्यक अध्ययन सामग्री और ज्ञान का अवसर उपलब्ध हो सकेगा।
मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष सह मुखिया प्रतिनिधि ललन कुमार यादव, बीपीआरओ सोनू गुप्ता, मुखिया संघ अध्यक्ष रामजी यादव, मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना सिंह, पूर्व मुखिया गोपाल यादव, सरपंच बबली हासदा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।


Post a comment