कोचिंग जाने निकली थी छात्रा, मनचला युवक ने भर दी मांग, पुलिस जुटी जांच में...

कटिहार: कटिहार के बरारी थाना क्षेत्र के एक गांव में कक्षा नौ की नाबालिग छात्रा की मांग में कथित तौर पर जबरन सिंदूर भरने का मामला सामने आया है। आरोप एक करीब 38 वर्षीय युवक पर लगा है। युवक टाइल्स मिस्त्री बताया जा रहा है। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार, छात्रा कोचिंग जाने के लिए अपनी सहेली को बुलाने उसके घर गई थी। इसी दौरान आरोपित युवक कथित तौर पर जबरन घर में घुस गया और हाथ में रखे सिंदूर से छात्रा की मांग भर दी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद छात्रा रोने लगी। उसकी आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। शुरुआत में परिजनों को लगा कि छात्रा को करंट लग गया है। पूछताछ करने पर उसने बताया कि पड़ोस के युवक ने जबरन उसकी मांग में सिंदूर भर दिया और वहां से भाग गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर बरारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार के नेतृत्व में एसआई राजनेता कुमारी और अंजनी कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने छात्रा से घटना की जानकारी ली। आरोपित के फरार होने के बाद पुलिस उसके माता-पिता को पूछताछ के लिए थाने ले गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। छात्रा और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  

Related Articles

Post a comment