बिहार में मानसून की हो गई एंट्री, 15 जून से पूरे राज्य में बारिश की संभावना
- by Manjesh Kumar
- 12-Jun-2026
- Views
पटना: बिहार में झुलसाने वाली प्रचंड गर्मी के बाद अब मानसून ने दस्तक दे दी है। बुधवार की देर रात मानसून ने किशनगंज अररिया के रास्ते बिहार में प्रवेश कर लिया है। गुरुवार को इसका फैलाव सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा समेत आसपास के अन्य जिलों तक हो चुका है। संभावना है कि अब 14 से 15 जून तक मानसून पूरे बिहार में छा जाएगा और फिर तेज तथा हल्की बारिश की शुरुआत हो जाएगी।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को पटना सहित अधिकतर भागों में हल्की व तेज बारिश होगी, लेकिन शनिवार से दक्षिण बिहार में अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी। अगले तीन-चार दिनों के दौरान उत्तर बिहार के अधिकतर भागों में तेज और हल्की बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की संभावना है। इसके कारण इन भागों में अधिकतम तापमान में अभी गिरावट जारी रहेगी। गुरुवार को सबसे अधिक तापमान छपरा में 36.6 डिग्री दर्ज किया गया। साथ ही वाल्मीकि नगर में 32.2, गयाजी में 34, शेखपुरा में 34.6, औरंगाबाद में 33.5, भभुआ में 36, अरवल में 30, मुंगेर में 31 और जहानाबाद में 31 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। गुरुवार की सुबह में आंधी और बारिश के बाद पटना में अधिकतम तापमान 29.6, भागलपुर में 29.5, सबौर में 29.6, पूर्णिया में 29.4, दरभंगा में 28.6 और मुजफ्फरपुर में 28 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।


Post a comment