भागलपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध गन फैक्ट्री का उद्भेदन करते हुए 5 को दबोचा
- by Manjesh Kumar
- 11-Jul-2026
- Views
भागलपुर: भागलपुर पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी और निर्माण के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहकुंड थाना क्षेत्र के हरनाथ गांव में संचालित एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त छापेमारी में भारी मात्रा में निर्मित और अर्धनिर्मित हथियार, हथियार बनाने के उपकरण तथा अन्य सामान बरामद किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि फैक्ट्री का मुख्य संचालक मौके से फरार हो गया। सिटी एसपी अतुलेश झा ने प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर शाहकुंड थाना पुलिस, भागलपुर एसटीएफ और पश्चिम बंगाल एसटीएफ की संयुक्त टीम ने मोहम्मद रिजवान के घर छापेमारी की। तलाशी के दौरान अवैध हथियार निर्माण का पूरा सेटअप मिला। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले मुख्य आरोपी मोहम्मद रिजवान फरार हो गया।
पुलिस ने मौके से मोहम्मद कासिम, मोहम्मद समीम, मोहम्मद मिराज, मोहम्मद मैसर और जब्बार मंसूरी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चार मुंगेर जिले के निवासी हैं, जबकि जब्बार मंसूरी शाहकुंड थाना क्षेत्र का रहने वाला है। सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर हथियार सप्लाई नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। फरार मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे गिरोह और उसके नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है।


Post a comment