मुजफ्फरपुर जमीन कब्जा गिरोह पर पुलिस का बड़ा एक्शन - 28 FIR दर्ज, अबतक सात गिरफ्तार
- by Manjesh Kumar
- 31-Aug-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर और ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र में भूमि विवाद मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पूरे प्रकरण का मुजफ्फरपुर पुलिस ने प्रेसवार्ता कर मामले का खुलासा किया। मामले को लेकर मुजफ्फरपुर नगर डीएसपी 2 विनीता सिन्हा ने कहा कि बीते 28 अगस्त को ब्रह्मपुरा थाना में एक महिला ने आवेदन देकर आरोप लगाया कि 26 अगस्त को अहियापुर थाना क्षेत्र के ग्राम पैगम्बरपुर कोल्हुआ स्थित उनके पति की भूमि के कागजात में धोखाधड़ी और जालसाजी कर 35 लाख रुपये दर्शाते हुए फर्जी/कूटरचित बिक्री अभिलेख तैयार कराया गया।
उक्त बिक्री अभिलेख में SBI चेक के माध्यम से भुगतान दिखाया गया, जबकि पीड़िता के अनुसार पैसा खाते में प्राप्त नहीं हुआ। इसी गिरोह ने 29 अगस्त को अहियापुर थाना में एक अन्य आवेदन दिया और कुछ खतियानी और पुश्तैनी जमीन का फर्जी तरीके से केवाला कराकर दाखिल-खारिज करा लिया। महिला ने इस मामले में सोनू कुमार उर्फ अभिनव और अन्य दो अरविंद कुमार मेहता तथा तुषार सिंह के नाम पर पंजीकृत कराकर दाखिल-खारिज करवाने का आरोप लगाया।
इस पूरे प्रकरण में अब तक अहियापुर थाना, ब्रह्मपुरा थाना, कच्ची-पक्की (सदर) एवं बेलसंड (सीतामढ़ी) में कुल-28 प्राथमिकी दर्ज हुई है। जिसमे बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू, उनके भाई सोनू सिंह सहित कई लोगो के मिलीभगत का आरोप लगाया गया है। पूर्व के काण्डों में अग्रतर कार्रवाई करते हुए विशेष टीम द्वारा 20 अगस्त को अहियापुर थानांतर्गत पूर्व से निर्मित चहारदीवारी और घरों के तोड़-फोड़ के मामले में प्रयुक्त JCB मशीन को भी जब्त किया गया है तथा JCB संचालक/मालिक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। अबतक कुल 07 अभियुक्त गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजे गए है।


Post a comment