नगर निगम की वार्ड पार्षद का निधन, जनप्रतिनिधियों ने अर्पित किया श्रद्धासुमन

पूर्णिया: नगर निगम के वार्ड संख्या 37 की वार्ड पार्षद सुनीता मांझी का असामयिक दिल्ली में इलाज के दौरान निधन हो गया था। गुरुवार को उनका पार्थिव शरीर नगर निगम परिसर लाया गया जहां मेयर विभा कुमारी, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया और मृतक पार्षद के शोक में नगर निगम कार्यालय पूरे दिन बंद रहा। महापौर विभा कुमारी ने कहा कि स्वर्गीय सुनीता मांझी का निधन केवल उनके परिवार की नहीं बल्कि पूरे नगर निगम परिवार एवं पूर्णिया शहर की अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि सुनीता मांझी ने वार्ड पार्षद के रूप में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ जनता की सेवा की। उनका सरल, सहज, मिलनसार व्यक्तित्व तथा जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता हमेशा याद की जाएगी।

महापौर विभा कुमारी ने भावुक होते हुए कहा कि आज मैं निःशब्द हूँ और खुद को बेहद अकेला महसूस कर रही हूँ। अब भी विश्वास नहीं हो रहा कि मेरी बड़ी बहन जैसी सुनीता दीदी हमारे बीच नहीं रहीं। हमारा रिश्ता सिर्फ जनप्रतिनिधियों का नहीं, बल्कि बड़ी और छोटी बहन का था। उन्होंने हर कदम पर मेरा मार्गदर्शन किया और हमेशा स्नेह दिया। उनकी कमी मुझे जीवनभर महसूस होगी। उन्होंने बताया कि बीमारी के दौरान वह स्वयं उनसे मिलने गई थीं और सभी को विश्वास था कि वे जल्द स्वस्थ होकर लौटेंगी लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। महापौर ने कहा कि सुनीता मांझी का जनसेवा से गहरा जुड़ाव था। उन्होंने आंगनबाड़ी की नौकरी छोड़कर समाजसेवा और जनप्रतिनिधित्व का कठिन रास्ता चुना था। पहली बार वार्ड पार्षद बनने के बावजूद उन्होंने जिस संवेदनशीलता और सक्रियता के साथ जनता की समस्याओं को उठाया वह अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में उन्होंने स्वयं भी सुनीता मांझी से बहुत कुछ सीखा।

महापौर ने उनके परिवार की सेवा भावना का भी उल्लेख करते हुए कहा कि बीमारी के दौरान उनके पति अजय मांझी सहित पूरे परिवार ने उनकी पूरी निष्ठा से देखभाल की। वहीं पुत्र गोलू कुमार ने श्रवण कुमार की तरह अपनी माँ की सेवा कर पुत्र धर्म का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि इस दुःख की घड़ी में पूरा नगर निगम परिवार अजय मांझी एवं शोकाकुल परिजनों के साथ मजबूती से खड़ा है। अंत में उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक-संतप्त परिवार को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उनका दाह संस्कार मनिहारी घाट पर किया गया जिसमें हजारों की संख्या में शहरवासी एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए। 

शोक सभा में मुख्य रूप से उप नगर आयुक्त विजय प्रताप सिंह, सदर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी जितेन्द्र यादव, अजय मांझी, विजय मांझी, वार्ड पार्षद चांदनी देवी, ममता सिंह, दीपा भारती, कल्याणी राय, राखी कुशवाहा, नवल जायसवाल, अमित कुमार सोनी, स्वपन घोष, बबलू सहाय, ऋतुराज यादव, राकेश राय, अभिजीत कुमार उर्फ निप्पू पासवान, अंजनी साह, राकेश राय, रज़ी हाशमी, मो सिताब, अनिल उरांव, पार्षद प्रतिनिधि श्रीप्रसाद महतो, बहादुर यादव, अमरेंद्र कुशवाहा, कुणाल किशोर, राहुल मिश्रा, ललनेश सिंह, रहीम अंसारी, उपेंद्र सिंह, राजीव सिंह, करण चौधरी, चंदन भगत, मो शकील, शंकर यादव, राजीव राय, अरविंद कुमार भोला साह, पूर्व पार्षद राजीव कुमार उर्फ पप्पू पासवान, रामचरित्र यादव सहित सैकड़ों की संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, नगर निगम के अधिकारी, कर्मी तथा नगरवासी मौजूद थे।

  

Related Articles

Post a comment