मुजफ्फरपुर में नहरों के जीर्णोद्धार को लेकर उप मुख्यमंत्री से मिले कांटी विधायक, जल्द काम पूरा करने का किया आग्रह
- by Manjesh Kumar
- 09-Oct-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: जिले के कांटी विधायक एवं पूर्व मंत्री ई अजीत कुमार ने कांटी विधानसभा क्षेत्र की जर्जर नहरों के जीर्णोद्धार और सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त करने को लेकर शुक्रवार को उप मुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की प्रमुख नहरों की स्थिति से मंत्री को अवगत कराते हुए वीरपुर वितरनी, रामदयालु नगर उपवितरणी, बड़कागांव उपवितरणी सहित अन्य छोटी नहरों की मरम्मत और सफाई कराने की मांग की। इस पर मंत्री ने एक वर्ष के भीतर किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने का आश्वासन दिया।
विधायक ने बताया कि नहरों की स्थिति ठीक नहीं होने के कारण क्षमता के अनुरूप जलप्रवाह नहीं हो पा रहा है। इससे क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था वर्षों से प्रभावित है और किसानों को खेती में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। नहरों के रखरखाव पर खर्च होने के बावजूद किसानों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने वीरपुर, रामदयालु नगर और बड़कागांव उपवितरणी में आरसीसी लाइनिंग के साथ सर्विस रोड का निर्माण कराने तथा अन्य छोटी नहरों की उड़ाही और गाद की सफाई कराने का आग्रह किया। विधायक ने कहा कि नहरों का जीर्णोद्धार होने से सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा और कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी। साथ ही, सर्विस रोड बनने से नहरों के निरीक्षण और रखरखाव में भी सुविधा मिलेगी।
विधायक ने उम्मीद जताई कि उप मुख्यमंत्री के आश्वासन के अनुरूप निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा होने से क्षेत्र के किसानों को राहत मिलेगी और खेतों तक पानी पहुंचने की समस्या का समाधान होगा।
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट


Post a comment