डेढ़ वर्ष पहले जारी हुआ वर्क ऑर्डर, डेढ़ करोड़ रूपये की भी हो गई निकासी, अब भी अंधेरे का साम्राज्य, नहीं लगा एक भी हाईमास्ट लाइट

सहरसा: सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद में विकास के नाम पर लूट मचा है। यहां करीब 5 करोड़ 93 लाख 70 हजार रुपये की लागत से 60 हाई मास्ट लाइट लगाने की योजना तय थी। इस योजना में बड़े पैमाने पर अनियमितता और सरकारी राशि की लूट की आशंका जताई जा रही है। इस कार्य के मद्देनजर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा 25 मार्च 2025 को कार्य आदेश जारी किया गया था। टेंडर की शर्तों में स्पष्ट रूप से कहा गया था कि एजेंसी को 30 दिनों के भीतर कार्य पूरा करना होगा, अन्यथा वर्क ऑर्डर रद्द कर दिया जाएगा। कई महीने बीत जाने के बाद भी नगर क्षेत्र में एक भी हाई मास्ट लाइट पूरी तरह चालू नहीं हुआ। सभी जगह अंधेरे का साम्राज्य है।

नगर परिषद क्षेत्र स्थित कई स्थानों पर हाई मास्ट का पोल जमीन पर पड़ा है जबकि कुछ जगहों पर पोल खड़ा कर दिया गया है लेकिन इसमें लाइटें नहीं लगी हैं। आरोप है कि एजेंसी को अग्रिम रूप से डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान कर दिया गया, जिसके बाद उसने आधा अधूरा काम छोड़ दिया। इसके बावजूद अब तक एजेंसी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सुनवाई नहीं हुई। इस मसले पर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने अब एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।

  

Related Articles

Post a comment