अग्निकांड के पीड़ित व्यवसायी भाइयों से पूर्णिया के सांसद ने की मुलाकात, आर्थिक मदद दे कर कहा...

चंपानगर अग्निकांड पीड़ित चौधरी बंधुओं को सांसद पप्पू यादव ने दिया एक लाख की मदद, यूको बैंक के जोनल मैनेजर और शाखा प्रबंधक से की ऋण में राहत देने का आग्रह

पूर्णिया: कहते हैं कि संकट की घड़ी में अपनों की पहचान होती है। जब चम्पानगर बाजार स्थित चौधरी हार्डवेयर दुकान में लगी भीषण आग ने दो भाइयों की वर्षों की मेहनत, सपने और जीवनभर की पूंजी को राख कर दिया, तब सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव पीड़ित परिवार के साथ खड़े नजर आए। उन्होंने न केवल परिवार का दर्द बांटा, बल्कि आर्थिक मदद देकर उन्हें नई शुरुआत की उम्मीद भी दी। पूर्णिया के चम्पानगर पंचायत स्थित चम्पानगर बाजार, वार्ड संख्या-11 में मुकेश चौधरी एवं विशाल चौधरी की हार्डवेयर दुकान में बीते दिनों भीषण आग लग गई थी। इस अग्निकांड में दुकान में रखे हार्डवेयर सामान, मोटर, रंग बनाने की मशीन, चापाकल, समरसेबल पंप सहित करीब 50 लाख से 1 करोड़ रुपये तक का सामान जलकर नष्ट हो गया। आग की लपटों ने सिर्फ एक दुकान को नहीं, बल्कि दो भाइयों की वर्षों की मेहनत और परिवार की उम्मीदों को भी भारी नुकसान पहुंचाया।

बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों ने दिल्ली में वर्षों मेहनत कर अपनी कमाई से चम्पानगर में यह प्रतिष्ठान खड़ा किया था। यह दुकान उनके परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा थी। एक ही रात में सब कुछ खत्म होने के बाद परिवार गहरे सदमे में था। घटना की जानकारी मिलने के बाद सांसद पप्पू यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और उनकी पीड़ा को करीब से महसूस किया। सांसद ने कहा कि ऐसी परिस्थिति में किसी परिवार के साथ खड़ा होना इंसानियत और जिम्मेदारी है। उन्होंने अपनी ओर से तत्काल 1 लाख रूपये की आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए कहा कि यह मदद केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि परिवार को फिर से खड़ा होने का भरोसा है।

उन्होंने कहा कि अगर ऐसी विपत्ति अपने परिवार पर आती तो जिस तरह साथ खड़े होते, उसी भावना से चौधरी परिवार के साथ हैं। इसके साथ ही सांसद पप्पू यादव ने यूको बैंक के जोनल मैनेजर और चम्पानगर शाखा प्रबंधक से बातचीत कर दुकान पर लिए गए ऋण में राहत देने का आग्रह किया, ताकि परिवार को आर्थिक संकट से उबरने में सहायता मिल सके। मौके पर चंपानगर पंचायत अध्यक्ष निर्भय सिंह, पूर्व मुखिया विजय प्रकाश, ब्रह्मदेव मेहता, सांसद प्रवक्ता राजेश यादव, मुन्ना यादव, संजय यादव, राजेश पाठक, विष्णु चौधरी, घनश्याम चौधरी, रमेश साह, पप्पू मंडल, गांधी मंडल, करण यादव, संगम यादव आदि लोग मौजूद रहे, जिन्होंने सांसद के इस कदम को मानवीय संवेदना और जनसेवा की मिसाल बताया। कठिन समय में पीड़ित परिवार का हाथ थामकर सांसद पप्पू यादव ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि जनप्रतिनिधि की असली पहचान जनता के सुख-दुःख में साथ खड़े होने से होती है।

  

Related Articles

Post a comment