मुजफ्फरपुर में निर्माण कार्य के दौरान गैस पाइप लाइन लीक, कई स्कूली बच्चे बेहोश

मुज़फ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में नाला निर्माण के दौरान गैस पाइपलाइन फटने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद इलाके में गैस का रिसाव होने लगा, जिसकी चपेट में आने से पास के स्कूल में पढ़ रहे चार - पांच बच्चे बेहोश हो गए। घटना के बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया और बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार, सरकारी कार्य के दौरान अचानक गैस पाइपलाइन लीक हो गई, जिससे तेज़ी से गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस की गंध फैलते ही स्कूल में मौजूद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते पांच बच्चे बेहोश हो गए, जिसके बाद शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें मुसहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने सभी बच्चों का प्राथमिक उपचार किया। राहत की बात यह रही कि इलाज के बाद सभी बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है और वे फिलहाल खतरे से बाहर है। पुलिस के अनुसार, गैस पाइपलाइन लीक से गैस का रिसाव शुरू होने लगा, जिसकी वजह से पांच बच्चे प्रभावित हुए। सभी को तत्काल इलाज के लिए मुसहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति सामान्य है। घटना के बाद पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं बरती गई। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।

  

Related Articles

Post a comment