मुजफ्फरपुर में इंटर परीक्षा की तैयारियां पूरी : 2 से 13 फरवरी तक 81 केंद्रों पर होगी परीक्षा, कदाचार पर सख्ती
- by Raushan Pratyek Media
- 29-Jan-2026
- Views
मुजफ्फरपुर : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 का आयोजन मुजफ्फरपुर जिले में 2 फरवरी से 13 फरवरी तक किया जाएगा। जिले के कुल 81 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें कुल 58,344 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं.
जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र द्वारा परीक्षा ड्यूटी में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं केंद्राधीक्षक की संयुक्त ब्रीफिंग एमआईटी सभागार में की गई। इस दौरान अधिकारियों को बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम, 1981 के सुसंगत प्रावधानों से अवगत कराते हुए कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा अपने-अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए.
दो पालियों में होगी परीक्षा, समय का सख्ती से पालन अनिवार्य...
इंटरमीडिएट परीक्षा का आयोजन प्रतिदिन दो पालियों में किया जाएगा। प्रथम पाली की परीक्षा पूर्वाह्न 9:30 बजे से 12:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 2:00 बजे से 5:15 बजे तक संपन्न होगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम 30 मिनट पूर्व परीक्षा भवन में प्रवेश कर लेना अनिवार्य होगा।
प्रथम पाली के परीक्षार्थियों को पूर्वाह्न 9:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली के परीक्षार्थियों को अपराह्न 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इसके बाद विलंब से आने वाले किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा भवन में प्रवेश की अनुमति किसी भी परिस्थिति में नहीं दी जाएगी। जिलाधिकारी ने परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों से समय पालन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है.
प्रवेश पत्र व फोटोयुक्त पहचान पत्र अनिवार्य...
परीक्षा केंद्रों पर केवल उन्हीं परीक्षार्थियों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी जिनके पास वैध प्रवेश पत्र एवं एक फोटोयुक्त पहचान पत्र उपलब्ध होगा। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को यह निर्देश दिया गया है कि किसी भी स्थिति में अनधिकृत व्यक्ति को परीक्षा परिसर में प्रवेश न करने दिया जाए। इस निर्देश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.
जूता-मोजा पहनकर प्रवेश वर्जित....
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि परीक्षार्थियों को परीक्षा भवन में जूता एवं मोजा पहनकर आने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यदि कोई परीक्षार्थी जूता-मोजा पहनकर परीक्षा केंद्र पर पहुंचता है, तो उसे परीक्षा भवन में प्रवेश नहीं दिया जाएगा.
सघन तलाशी व्यवस्था, महिला परीक्षार्थियों के लिए विशेष प्रबंध....
जिलाधिकारी ने परीक्षा के निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन के लिए परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर सघन तलाशी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस बल को निर्देशित किया गया है कि परीक्षार्थियों की प्रवेश के समय पूरी जांच की जाए ताकि कोई भी आपत्तिजनक सामग्री, चिट-पुर्जा, मोबाइल फोन अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के भीतर न ले जाया जा सके.
महिला परीक्षार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला परीक्षार्थियों के लिए निर्धारित केंद्रों पर महिला केंद्राधीक्षक एवं महिला वीक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। महिला परीक्षार्थियों की तलाशी भी महिला कर्मियों द्वारा ही की जाएगी।
वीक्षकों की भूमिका अहम, हर परीक्षार्थी की होगी जांच...
परीक्षा कक्ष में तैनात वीक्षकों को यह विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है कि जिन परीक्षार्थियों के वीक्षण का दायित्व उन्हें सौंपा गया है, उन सभी की जांच एवं तलाशी कर यह सुनिश्चित करें कि उनके पास किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित या आपत्तिजनक सामग्री उपलब्ध नहीं है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित वीक्षक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए विशेष सुविधा...
जिलाधिकारी ने दिव्यांग परीक्षार्थियों के हितों का विशेष ध्यान रखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। ऐसे दिव्यांग परीक्षार्थी जो स्वयं से लिखने में असमर्थ हैं, उनके अनुरोध के आधार पर श्रुतिलेखक उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त दिव्यांग परीक्षार्थी अपने निजी श्रुतिलेखक को भी ला सकते हैं।
श्रुतिलेखक की सुविधा प्राप्त करने के लिए दिव्यांग परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम एक सप्ताह पूर्व जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवेदन देना अनिवार्य होगा। दिव्यांग परीक्षार्थियों को परीक्षा के दौरान प्रति घंटे 20 मिनट का अतिरिक्त क्षतिपूर्ति समय भी प्रदान किया जाएगा.
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध...
परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी परीक्षा केंद्र पर उपलब्ध फोटोस्टेट मशीन, कॉपियर, डुप्लीकेटर अथवा इसी प्रकार के अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का प्रयोग पूर्णतः वर्जित रहेगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि इन निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित केंद्राधीक्षक के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.
सीसीटीवी व वीडियोग्राफी से होगी निगरानी...
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरे एवं वीडियोग्राफी के माध्यम से सतत निगरानी की जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है.
संभावित विशेष एवं आपात स्थिति से निपटने हेतु समाहरणालय सभा कक्ष के ऊपरी तल पर जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभारी जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) श्री इंद्र कुमार कर्ण होंगे। उनका मोबाइल नंबर 8969602197 है। नियंत्रण कक्ष में अन्य अधिकारियों एवं कर्मियों की भी तैनाती की गई है, जो परीक्षा अवधि के दौरान 24 घंटे सक्रिय रहेंगे.
अनुमंडल स्तर पर विधि-व्यवस्था की कड़ी निगरानी...
अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी एवं पश्चिमी मुजफ्फरपुर तथा सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था के संपूर्ण प्रभार में रहेंगे। अनुमंडल पदाधिकारी परीक्षा केंद्रों के इर्द-गिर्द BNSS-163 लागू करने हेतु आवश्यक आदेश निर्गत करेंगे। साथ ही वे सभी परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर परीक्षा संचालन नियमावली का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराएंगे.
ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश....
परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला पदाधिकारी ने ट्रैफिक डीएसपी को परीक्षा अवधि के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुदृढ़ बनाए रखने का निर्देश दिया है। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने और परीक्षा उपरांत लौटने में किसी प्रकार की असुविधा न हो.
जिलाधिकारी ने की अपील...
जिलाधिकारी ने सभी परीक्षार्थियों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे परीक्षा अवधि के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन एवं सहयोग करें। किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें तथा परीक्षा की पवित्रता एवं निष्पक्षता बनाए रखने में प्रशासन का अपेक्षित सहयोग करें.
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट....!


Post a comment