मुजफ्फरपुर में 81 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच इंटर परीक्षा शुरू, 58 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल


मुजफ्फरपुर : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 की शुरुआत आज से हो गई है। यह परीक्षा 2 फरवरी से 13 फरवरी तक चलेगी। परीक्षा के आयोजन को लेकर जिले में कुल 81 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें कई मॉडल परीक्षा केंद्र भी शामिल हैं। दो पालियों में आयोजित होने वाली इस परीक्षा में कुल 58,344 छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं।


परीक्षा को कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। जिलाधिकारी और एसएसपी ने बिहार बोर्ड के निर्देशों के अनुपालन को लेकर परीक्षा ड्यूटी में तैनात दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को पूर्व में ब्रीफिंग देकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं.


इंटर परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों को वैध प्रवेश पत्र और फोटोयुक्त पहचान पत्र दिखाने के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है. प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी परिस्थिति में अनधिकृत व्यक्ति को परीक्षा परिसर में प्रवेश न करने दिया जाए। इसके लिए प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

परीक्षार्थियों को परीक्षा भवन में जूता और मोजा पहनकर आने की अनुमति नहीं है। जो परीक्षार्थी जूता-चप्पल पहनकर पहुंचे हैं, उन्हें केंद्र के बाहर उतरवाने के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर सघन तलाशी की व्यवस्था की गई है, ताकि कोई भी प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा भवन के भीतर न ले जाई जा सके.


महिला परीक्षार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला केंद्राधीक्षक और महिला वीक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। महिला परीक्षार्थियों की तलाशी महिला कर्मियों द्वारा की जा रही है। वीक्षकों को यह विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों की जांच कर यह सुनिश्चित करें कि उनके पास कोई आपत्तिजनक सामग्री न हो।

परीक्षा अवधि के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी के माध्यम से सतत निगरानी की जा रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई के लिए नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरी परीक्षा शांत और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराई जाएगी और सभी गाइडलाइनों का सख्ती से पालन कराया जाएगा.


मुजफ्फरूर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट...

  

Related Articles

Post a comment