21 साल बाद पूर्णिया के लिए चली रात्रिकालीन ट्रेन, सांसद ने हरी झंडी दिखा किया रवाना
- by Manjesh Kumar
- 18-Aug-2026
- Views
पूर्णिया: कोसी सीमांचल के लोगों को पटना जाने के लिए एक और ट्रेन की सौगात मिली है। 21 साल बाद पूर्णिया से पटना के लिए रात्रिकालीन ट्रेन सेवा की शुरुआत हुई। पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने 17 अगस्त की देर रात्रि पाटलिपुत्र स्टेशन से पूर्णिया कोर्ट के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान सांसद ने ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों के बीच मिठाई बांटी और नई सेवा के लिए यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। ट्रेन के रवाना होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में सांसद ने रेलवे बोर्ड, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेलवे अधिकारियों और विशेष रूप से समस्तीपुर मंडल के अधिकारियों के प्रति आभार जताया।
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि सीमांचल, पूर्णिया और कोसी क्षेत्र की जनता लंबे समय से रात्रिकालीन ट्रेन की मांग कर रही थी। लगातार प्रयास और जनता के संघर्ष के बाद आज यह मांग पूरी हुई है। पप्पू यादव ने कहा कि पटना-पूर्णिया के बीच रात की ट्रेन के लिए उन्होंने सदन से लेकर रेलवे बोर्ड, समस्तीपुर मंडल के अधिकारियों और रेल मंत्री तक लगातार आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि पूर्णिया कोर्ट स्टेशन को पहले रेल मानचित्र पर पर्याप्त महत्व नहीं मिलता था, लेकिन जनता के समर्थन से पिछले दो वर्षों में लगातार प्रयास किए गए और अब यह महत्वपूर्ण सेवा शुरू हो सकी है। सांसद ने कहा कि यह केवल एक ट्रेन की शुरुआत नहीं, बल्कि पूर्णिया, सीमांचल, कोसी, मधेपुरा, खगड़िया और आम यात्रियों के लंबे संघर्ष की सफलता है।
उन्होंने कहा कि एक समय रात्रिकालीन ट्रेन की मांग को लेकर लोगों की उम्मीद लगभग खत्म हो गई थी, लेकिन जनता की आवाज लगातार उठती रही। उन्होंने समस्तीपुर के डीआरएम, जीएम तथा विशेष रूप से रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने यात्रियों की परेशानी और जनता की मांग को गंभीरता से समझा। उन्होंने कहा कि इसी के साथ जनता से किया एक और वादा पूरा हुआ। गौरतलब है कि इससे पहले सांसद पप्पू यादव के प्रयासों से पूर्णिया एयरपोर्ट आम जनता के लिए संचालित हुआ। इसके अलावा रेलवे और रोड के कई योजनाओं को गति मिली है। उसी क्रम में यह रात्रि कालीन ट्रेन है, जो रेलवे के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ट्रेन संख्या 03216 पाटलिपुत्र से रात 11 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:30 बजे पूर्णिया कोर्ट पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 03215 पूर्णिया कोर्ट से सुबह 9:10 बजे रवाना होकर शाम 5:45 बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी।
फिलहाल यह सेवा 17 अगस्त से 17 सितंबर 2026 तक सप्ताह में पांच दिन संचालित की जाएगी। रात्रिकालीन सीधी रेल सेवा शुरू होने से पूर्णिया और पूरे सीमांचल क्षेत्र के हजारों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर विद्यार्थी, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी, मरीज और उनके परिजन रात में यात्रा कर सुबह अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। इससे यात्रियों के समय के साथ अतिरिक्त खर्च की भी बचत होगी।
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि पूर्णिया और सीमांचल के लोगों की रेल सुविधाओं से जुड़ी मांगों को लेकर उनका प्रयास आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यात्रियों की संख्या और आवश्यकता को देखते हुए इस ट्रेन का परिचालन 17 सितंबर के बाद भी नियमित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नई ट्रेनों के परिचालन, महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं के विस्तार को लेकर वे लगातार रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष मुद्दे उठाते रहे हैं। रात्रिकालीन ट्रेन की शुरुआत को उन्होंने पूर्णिया और सीमांचल के रेल यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि आने वाले समय में पटना-पूर्णिया रेल संपर्क को और मजबूत करने के लिए प्रयास जारी रहेगा।


Post a comment