पुलिस मुख्यालय ने जारी किया 50 रीलबाज पुलिसकर्मियों की सूची, पूर्णिया महिला थानाध्यक्ष हो गई सस्पेंड

पटना: बिहार में लॉ एंड ऑर्डर दुरुस्त बनाये रखने के लिए पुलिस मुख्यालय लगातार अपने कर्मियों को ईमानदारी से अपनी ड्यूटी निभाने की अपील करता है। बिहार पुलिस मुख्यालय ने किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की भी चेतावनी दी है। इसी कड़ी में पुलिसकर्मियों को वर्दी में रील्स बनाने और उसे सोशल मीडिया पर शेयर करने से संबंधित कड़ा निर्देश जारी किया गया है साथ ही इस वर्दी में रील्स बनाने और शेयर करने वाले के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की भी चेतावनी जारी की है।

पुलिस मुख्यालय के सख्त निर्देश के बावजूद कुछ पुलिसकर्मी अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहे और अक्सर वर्दी में हथियार के साथ या हथियार के बिना भी रील्स बना कर सोशल मीडिया पर शेयर करते दिखते हैं। अब बिहार पुलिस ने राज्य के 50 रीलबाज कर्मियों के विरुद्ध एक्शन लिया है। सभी रीलबाज पुलिसकर्मियों की सूची जारी करते हुए पुलिस मुख्यालय ने जिलों से SOP के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

मुख्यालय ने जारी की सूची

पुलिस मुख्यालय की सूची में राज्य के कई जिलों के पुलिसकर्मी शामिल हैं। इस सूची में सबसे अधिक पुलिसकर्मी पटना जिला के हैं जबकि दरभंगा के दो, मधुबनी के चार, नालंदा के एक, सीतामढ़ी के दो, पूर्णिया के दो पुलिसकर्मी समेत अन्य कई पुलिसकर्मी शामिल हैं। बिहार पुलिस मुख्यालय की तरफ से जारी सूची में पूर्णिया के महिला थाना की थानाध्यक्ष का भी नाम शामिल है। बताया जा रहा है कि महिला थानाध्यक्ष शबाना आजमी जब फनीश्वरनाथ रेणु टीओपी में प्रभारी थी तब उन्होंने अपनी कुर्सी पर किसी परिजन को बैठा कर रील बनाया था। उसके बाद उन्हें महिला थाना की कमान सौंप दी गई। जानकारी के अनुसार महिला थानाध्यक्ष का रील अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होता है। इसके साथ ही पूर्णिया के एक अन्य पुलिसकर्मी का भी नाम इस सूची में शामिल है।

50 पुलिसकर्मियों के विरुद्ध होगी कार्रवाई

बता दें कि बिहार में लॉ एंड ऑर्डर तथा अनुशासन बनाये रखने के लिए डीजीपी समेत पुलिस मुख्यालय समय समय पर पुलिसकर्मियों को वर्दी पहन कर रील बनाने और सोशल मीडिया पर शेयर न करने की अपील करते रहते हैं। पुलिस मुख्यालय के द्वारा जारी निर्देशों के बावजूद कुछ पुलिसकर्मी बाज नहीं आ रहे हैं जिसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है। पहले चरण में पुलिस मुख्यालय ने 50 पुलिसकर्मियों की सूची जारी कर उनके विरुद्ध उचित कार्रवाई करने का निर्देश जारी किया है।

SP ने महिला थानाध्यक्ष को किया निलंबित

बिहार पुलिस मुख्यालय की तरफ से सूची जारी किए जाने के बाद अब पूर्णिया की एसपी स्वीटी सहरावत ने बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने महिला थानाध्यक्ष शबाना आजमी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले में एसपी स्वीटी सहरावत ने कहा कि मुख्यालय की तरफ से रील्स बना कर सोशल मीडिया पर न डालने संबंधी SOP निर्गत है। पूर्णिया महिला थानाध्यक्ष शबाना आजमी ने इस SOP का कई बार उल्लंघन किया इसलिए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने अन्य पुलिसकर्मी को भी चेतावनी दी कि भविष्य में अगर SOP का उल्लंघन किया तो फिर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

  

Related Articles

Post a comment