खेल मैदान पर रीको हाउस की बादशाहत बरकरार, मफिर बना चैंपियन

सेंट जॉन्स कॉन्वेंट स्कूल में तीन दिवसीय खेल महोत्सव का शानदार समापन

सुल्तानपुर: मैदान पर जीत का जुनून, खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह और हर स्पर्धा में खुद को बेहतर साबित करने की ललक। कुछ ऐसा ही नजारा बल्दीराय तहसील क्षेत्र के गनापुर स्थित सेंट जॉन्स कॉन्वेंट स्कूल में तीन दिवसीय खेल महोत्सव के अंतिम दिन देखने को मिला। शानदार प्रदर्शन के दम पर रीको हाउस ने एक बार फिर अपनी बादशाहत कायम रखते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। बेथल हाउस उपविजेता रहा,जबकि गार्ड हाउस ने तीसरा और येट्स हाउस ने चौथा स्थान हासिल किया।खेल महोत्सव के अंतिम दिन जीत के लिए खिलाड़ियों ने मैदान पर पूरी ताकत झोंक दी।

खेल प्रतिभा के साथ अनुशासन, आपसी तालमेल और टीम भावना का बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला। समापन समारोह में मुख्य अतिथि बल्दीराय थानाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह ने विजेता रीको हाउस और उपविजेता बेथल हाउस की टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। तीन दिवसीय खेल महोत्सव में क्रिकेट, वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी, गोला फेंक, भाला फेंक, शतरंज, कैरम, जूनियर लूडो, फाइव इन वन रेस, 100 व 400 मीटर दौड़, रिले रेस और जूनियर वर्ग की 30 मीटर दौड़ समेत कुल 42 खेल स्पर्धाएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, शारीरिक क्षमता और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।विद्यालय के प्रबंधक शिवम श्रीवास्तव ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी खेल महोत्सव में विभिन्न खेल विधाओं को शामिल किया गया।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन विनोद त्रिपाठी और ज्योति दुबे ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर पंकज श्रीवास्तव, अरुण कुमार, प्रज्ञा शुक्ला, कृष्ण मौर्य, अरुण श्रीवास्तव, सुनील, योगेश, अंकित तिवारी, अरविंद पांडे, संजय सिंह, अलशीबा, अंजलि, सविता, तबस्सुम, उमेश तिवारी, साधना तिवारी, रितेश श्रीवास्तव, ऋषभ, अरमान सलमानी और विकास शुक्ला समेत विद्यालय के शिक्षक एवं अभिभावक मौजूद रहे।

  

Related Articles

Post a comment