सुल्तानपुर में किसान दिवस आयोजित, धान खरीद और खाद वितरण की समस्याओं पर डीएम ने दिए सख्त निर्देश
- by Raushan Pratyek Media
- 18-Nov-2026
- Views
सुल्तानपुर में किसान दिवस आयोजित, धान खरीद और खाद वितरण पर डीएम ने दिए सख्त निर्देश
सुल्तानपुर। किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में धान खरीद, खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था सहित किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) भी मौजूद रहे।
बैठक में किसानों ने जिलाधिकारी के सामने धान खरीद केंद्रों पर आ रही परेशानियों, खाद की उपलब्धता एवं वितरण, धान में नमी के मानकों, राजस्व विभाग और विद्युत विभाग से संबंधित समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने किसानों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से उनका प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
खाद वितरण में गड़बड़ी की जांच के लिए पांच सदस्यीय टीम गठित
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में डीएपी, यूरिया, एनपीके सहित सभी प्रकार के उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। इसके बावजूद खाद वितरण में आ रही समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए किसानों द्वारा बताए गए केंद्रों की जांच कराने का निर्णय लिया गया है।
इसके लिए तत्काल पांच सदस्यीय जांच टीम गठित की गई है। टीम संबंधित केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर खाद वितरण व्यवस्था की जांच करेगी। जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
धान खरीद केंद्रों पर किसानों को न हो परेशानी
धान खरीद को लेकर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी भी तरह की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। धान में नमी के निर्धारित मानकों को लेकर मिली शिकायतों की जांच कराई जा रही है।
इसके साथ ही धान खरीद केंद्रों की संख्या बढ़ाने के लिए तीन अतिरिक्त केंद्रों का प्रस्ताव संस्तुति के साथ भेजा गया है। खरीद केंद्रों पर लोड की समस्या को देखते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों को इसे अगले दिन तक ठीक कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि धान खरीद में लापरवाही, अनियमितता या किसानों को बेवजह परेशान करने की शिकायत जांच में सही पाई गई तो संबंधित क्रय केंद्र प्रभारी अथवा समिति के विरुद्ध तत्काल आपराधिक कार्रवाई की जाएगी।
राजस्व और चीनी मिल से जुड़ी समस्याओं के समाधान के निर्देश
बैठक में राजस्व विभाग से संबंधित धारा-24 के मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने इन प्रकरणों की महीने में एक बार नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को अनावश्यक देरी का सामना न करना पड़े।
चीनी मिल में तौल सहित अन्य समस्याओं को लेकर भी किसानों ने अपनी शिकायतें रखीं। इस पर जिलाधिकारी ने चीनी मिल के अधिकारी और जिला गन्ना अधिकारी की संयुक्त टीम गठित कर निरीक्षण कराने तथा समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पराली न जलाने और स्व-गणना करने की अपील
बैठक के अंत में जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने किसानों से अपने खेतों में पराली नहीं जलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है, इसलिए किसान इसके उचित प्रबंधन के विकल्प अपनाएं।
इसके साथ ही उन्होंने जनगणना प्रक्रिया में सभी लोगों से स्वयं अपनी स्व-गणना अवश्य करने की अपील की। किसान दिवस में संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।


Post a comment