मनिहारी घाट से गोरखधाम मंदिर का रास्ता पैदल चलने लायक नहीं, कांवरियों ने नाराजगी जताते हुए की बड़ी मांग
- by Manjesh Kumar
- 26-Aug-2026
- Views
कटिहार: कटिहार जिले के मनिहारी गंगा घाट से गंगाजल लेकर आजमनगर के रास्ते ऐतिहासिक बाबा गोरखनाथ धाम मंदिर में बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने पैदल जा रहे कांवरियों को खराब सड़क के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को पैदल कांवर यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं ने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर नाराजगी जताई। कांवरिया में नंदलाल सिंह, भोपाल सिंह, महावीर सिंह, कमल सिंह, राधा देवी आदि कांवरिया ने बताया कि मनिहारी से बाबा गोरखनाथ धाम तक कई जगह रास्ता काफी खराब है।
सड़क पर बड़े-बड़े गिट्टी और उबड़-खाबड़ रास्ते होने के कारण पैदल चलने में कठिनाई होती है। लगातार पैदल चलने से पैरों में छाले पड़ जाते हैं और कई जगह पैर जख्मी भी हो जाते हैं। इसके बावजूद श्रद्धालु आस्था के साथ अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं। कांवरियों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि सुल्तानगंज से देवघर तक बने प्रसिद्ध कांवरिया पथ की तर्ज पर मनिहारी गंगा घाट से बाबा गोरखनाथ धाम मंदिर तक जल्द कांवरिया पथ का निर्माण कराया जाए। इससे सावन के दौरान हजारों पैदल कांवरियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिल सकेगा
कटिहार से जयप्रकाश भगत की रिपोर्ट


Post a comment