सड़क हादसों से उजड़े परिवारों के बीच पहुंचे सांसद पप्पू यादव, आर्थिक सहायता देकर बंधाया ढाढस

पूर्णिया: पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र के धमदाहा प्रखंड में लगातार जनसंपर्क और जनसेवा अभियान चला रहे सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव सड़क दुर्घटना में अपनों को खो चुके दो परिवारों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा साझा की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना देने के साथ-साथ आर्थिक सहायता प्रदान कर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। धमदाहा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मीरगंज नगर पंचायत के मिरमिलिक मुशहरी वार्ड संख्या-15 निवासी स्वर्गीय रामदेव ऋषि का बीते दिनों सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था। सांसद पप्पू यादव उनके आवास पहुंचे और परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार को इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने का संबल दिया। सांसद ने मृतक की पत्नी को तत्काल 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की तथा भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इसके बाद सांसद पप्पू यादव बघवा ग्राम, वार्ड संख्या-23 पहुंचे, जहां सड़क दुर्घटना में 25 वर्षीय मिथिलेश मल्लिक की असामयिक मृत्यु हो गई थी।

मिथिलेश मल्लिक धमदाहा नगर पंचायत में सफाई कर्मी के रूप में कार्यरत थे और परिवार की आजीविका का प्रमुख आधार थे। उनके निधन से पूरा परिवार गहरे संकट में आ गया है। सांसद ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और अपनी ओर से 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। मौके पर सांसद पप्पू यादव ने कहा कि किसी परिवार का युवा सदस्य जब असमय दुनिया छोड़ देता है तो उसकी भरपाई कभी संभव नहीं हो सकती। ऐसे कठिन समय में समाज और व्यवस्था का दायित्व है कि पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा रहे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते वे हर दुखी और जरूरतमंद परिवार तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं ताकि उन्हें यह एहसास हो कि वे अकेले नहीं हैं।

सांसद ने धमदाहा नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी से दूरभाष पर बातचीत कर मिथिलेश मल्लिक के परिजनों को नियमानुसार उचित मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह भी किया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्यायोचित सहायता दिलाने के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे। इस मौके पर सांसद प्रवक्ता राजेश यादव, कांग्रेस नेता कुमार दिवाकर सिंह,हरिष चौधरी, मानिक आलम, मो साकिब, अशोक गुप्ता, प्रियांशु मंडल, ई गौरीशंकर, गुड़ु यादव, संगम सहित अन्य लोग मौजूद थे।

  

Related Articles

Post a comment