आगामी सहयोग शिविर की तैयारी तेज, BDO ने जनप्रतिनिधियों के साथ की बैठक

कटिहार: कटिहार के बरारी प्रखंड मुख्यालय बरारी में 17 एवं 18 जून को आयोजित होने वाले विशेष सहयोग शिविर की सफलता को लेकर शनिवार को प्रखंड सभागार में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ धीरेंद्र कुमार ने की। बैठक में शिविर की तैयारियों, लाभुकों की भागीदारी तथा विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का एक ही स्थान पर त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक लोगों को शिविर में भाग लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इस दिशा में सहयोग शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा

बीडीओ ने जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने क्षेत्रों में ऐसे लोगों की पहचान करें जिन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में कठिनाई हो रही है या जिनकी समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। ऐसे लाभुकों को शिविर में लाकर उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल करें। बैठक के दौरान बीपीआरओ राजकुमार सिंह एवं बीएसओ अंजनी कुमार ने सहयोग शिविर के उद्देश्य, संचालन प्रक्रिया तथा विभिन्न विभागों की भूमिका की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि शिविर में सामाजिक सुरक्षा, राशन, पेंशन, आवास, राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य, श्रम, कृषि, बैंकिंग एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों का निष्पादन किया जाएगा। साथ ही लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहेंगे, जिससे लोगों को अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। शिविर के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का यथासंभव मौके पर ही निष्पादन किया जाएगा तथा जटिल मामलों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों को भेजा जाएगा। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं एवं लोगों की अपेक्षाओं से प्रशासन को अवगत कराया तथा शिविर को सफल बनाने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

बैठक में दक्षिणी भंडारतल के मो. इब्राहिम, सरपंच अर्जुन सिंह, बरेटा मुखिया प्रतिनिधि जोहेर आलम, उत्तरी भंडारतल के मुखिया नवल किशोर कौशिक, सुजापुर के मो. मीकाईल, जिला परिषद सदस्य गुणसागर पासवान, उपप्रमुख रैनी कौर, जदयू प्रखंड अध्यक्ष मनोज सिंह कुशवाहा, विधायक प्रतिनिधि राजीव कुमार चौधरी, बकिया के उपमुखिया शेख हिदायत सहित विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि एवं कर्मी उपस्थित थे। बैठक के अंत में बीडीओ ने सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर कार्य करने तथा सहयोग शिविर को जनहित में सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयास से ही सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।

  

Related Articles

Post a comment