बोर्ड गायब, बालू स्टॉक पर पुलिस का छापा; ट्रैक्टर छोड़ भागे चालक-मजदूर, मचा हड़कंप
- by Manjesh Kumar
- 30-Aug-2026
- Views
शेखपुरा: नगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 30 स्थित बस्ती में अवैध बालू कारोबार की आशंका को लेकर पुलिस ने रविवार को एक बालू स्टॉक पर छापेमारी की। पुलिस की अचानक कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि बालू के स्टॉक पर नियम के अनुसार आवश्यक सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया था। खनन नियमों के तहत बालू का स्टॉक करने वाले लाइसेंसधारी को स्थल पर बोर्ड लगाना अनिवार्य है, जिसमें लाइसेंसधारी का नाम, लाइसेंस से संबंधित जानकारी और संपर्क नंबर दर्ज होना चाहिए। लेकिन जांच के दौरान ऐसा कोई बोर्ड नहीं मिला।
नगर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को थाना लाया। वहीं पूरी घटना की जानकारी खनन विभाग के पदाधिकारी को भी दे दी गई है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके पर एक ट्रैक्टर पर बालू लोड होते देखा। पुलिस को देखते ही चालक और मजदूर ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने ट्रैक्टर और बालू लोडिंग से संबंधित वीडियो फुटेज भी तैयार किया है। खनन विभाग की जांच के बाद मामले में बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।


Post a comment