अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों की बैठक, नए राशन कार्ड बनाने में तेजी लाने का निर्देश

कटिहार: कटिहार जिला के आजमनगर प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक भवन के सभा कक्ष में गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी राजू कुमार की अध्यक्षता में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदारों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड की सभी 28 पंचायतों के जन वितरण प्रणाली दुकानदारों के साथ संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य सरकार द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर नए राशन कार्ड बनाने के अभियान को गति देना था।

बैठक को संबोधित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी राजू कुमार ने बताया कि बिहार सरकार के निर्देशानुसार आजमनगर प्रखंड में 13 अगस्त तक 25 हजार नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को हर हाल में पूरा करने की जिम्मेदारी जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों को सौंपी गई है। उन्होंने सभी डीलरों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने पोषक क्षेत्र के पात्र लाभुकों की पहचान कर प्रतिदिन कम से कम 10 नए राशन कार्ड आवेदन सुनिश्चित करें।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि सरकार के निर्देशों की अनदेखी या लापरवाही बरतने वाले डीलरों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी दुकानदारों से अभियान को गंभीरता से लेते हुए समय पर लक्ष्य पूरा करने का आह्वान किया। बैठक में डीलर संघ के अध्यक्ष हरदेव सिंह के अलावा अशोक केसरी, मोहम्मद अलाउद्दीन, प्रमोद भगत, धनिक लाल यादव, मोहम्मद असगर आलम सहित बड़ी संख्या में जन वितरण प्रणाली के दुकानदार उपस्थित रहे। बैठक में राशन कार्ड निर्माण अभियान को सफल बनाने के लिए सभी ने सक्रिय सहयोग का भरोसा दिया।

  

Related Articles

Post a comment