डीएम ने सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान में प्रगति की समीक्षा की, पदाधिकारियों को दिए कई निर्देश
- by Manjesh Kumar
- 26-Oct-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: जिलाधिकारी कुमार गौरव ने सोमवार को सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान में प्रगति की समीक्षा की तथा अद्यतन स्थिति का जायजा लिया। संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के अंदर सभी योजनाओं को पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह सरकार का एक अत्यंत महत्वपूर्ण जनोपयोगी अभियान है। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पूर्व से अवस्थित आधारभूत संरचनाओं एवं परिसम्पत्तियों को सुदृढ़ करने तथा नए परिसम्पत्तियों के निर्माण का कार्य मिशन मोड में किया जा रहा है। इसमें विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, सामुदायिक भवनों, स्वास्थ्य उप केन्द्रों का सुदृढ़ीकरण; उन्नयन एवं नवनिर्माण तथा अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं को शामिल किया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के तहत पूरे जिला मे 5,911 योजनाओं का चयन किया गया है। पदाधिकारीगण सजग एवं तत्पर रहकर विधिवत ढ़ंग से योजनाओं का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुजफ्फरपुर के उप विकास आयुक्त निशांत सिहारा ने पीपीटी के माध्यम से जिलाधिकारी के संज्ञान में अभियान के तहत विभागवार चयनित योजनाओं एवं उसमें प्रगति के बारे में विभिन्न तथ्यों को लाया गया। उन्होंने बताया कि चयन किए गए 5,911 योजनाओं में शिक्षा विभाग की 2,427 योजनाओं; ग्रामीण विकास विभाग की 1,202 योजनाओं; पंचायती राज विभाग की 998 योजनाओं; स्वास्थ्य विभाग की 519 योजनाओं; पीएचईडी की 452 योजनाओं; समाज कल्याण विभाग की 202 योजनाओं; शहरी क्षेत्रों-नगर विकास एवं आवास विभाग की 61 योजनाओं; अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग की 48 योजनाओं तथा पिछड़ा वर्ग एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की 2 योजनाओं को शामिल किया गया है। उप विकास आयुक्त ने बताया कि 5,911 चयनित योजनाओं में से 4,877 योजनाओं की तकनीकी स्वीकृति प्राप्त हो गई है। यह कुल चयनित योजनाओं का 82.51 प्रतिशत है। तकनीकी स्वीकृति प्राप्त योजनाओं में से 3,298 योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। योजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, स्वास्थ्य संस्थानों, पंचायत सरकार भवनों सहित विभिन्न विभागों के भवनों का जीर्णोद्धार, रंगरोगण, अनुरक्षण एवं मरम्मति किया जा रहा है। अनेक योजनाओं को पूरा किया जा चुका है। जनता की आवश्यकता के अनुरूप नए भवनों- परिसम्पत्तियों का भी निर्माण किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत योजनाओं का तीव्र गति से क्रियान्वयन किया जा रहा है। यह सराहनीय है। उन्होंने विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विशेष अभिरूचि लेकर तत्परता के साथ अभियान के तहत सभी योजनाओं को ससमय पूरा करें। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के तहत प्रखण्ड स्तर पर प्रखण्ड विकास पदाधिकारी तथा जिला स्तर पर उप विकास आयुक्त नोडल पदाधिकारी हैं। जिन 1,034 योजनाओं की तकनीकी स्वीकृति लंबित है, संबंधित क्रियान्वयन एजेंसी 24 घंटे के अंदर तकनीकी स्वीकृति उपलब्ध कराएं। संबंधित विभागों के पदाधिकारी क्रियान्वयन एजेंसी से समन्वय स्थापित करें। जिलाधिकारी ने पदाधिकारियों को प्रशासनिक स्वीकृति के लंबित मामलों को भी शीघ्र निष्पादित करने का निदेश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता से कोई खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। अतः पदाधिकारीगण कार्यों की गुणवत्ता हर हाल में सुनिश्चित करें। उन्होंने योजनाओं में प्रगति एवं गुणवत्ता के अनुश्रवण के लिए एक जिला-स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया। इसमें उप विकास आयुक्त एवं नगर आयुक्त के अतिरिक्त अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारियों को भी शामिल किया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि टास्क फोर्स की प्रतिदिन बैठक होगी तथा सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के कार्यों में अद्यतन प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि वे स्वयं हर एक दिन पर पर इसकी समीक्षा करेंगे। साथ ही क्षेत्रों के भ्रमण के दौरान कार्यों में प्रगति एवं गुणवत्ता का अनुश्रवण करने के लिए औचक निरीक्षण भी करेंगे। यदि किसी भी स्तर पर शिथिलता, लापरवाही या अनियमितता प्रकाश में आया तो संबंधित विभागों के अधिकारियों के विरूद्ध जिम्मेदारी निर्धारित कर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता को एक सप्ताह के अंदर जिला के 125 भवनहीन-भूमिहीन विद्यालयों तथा पीएचईडी की 13 योजनाओं के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने का निदेश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के आदेशानुसार जिला प्रशासन द्वारा जिला में सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया जा रहा है। चयनित कार्यों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों के क्षेत्र-भ्रमण के दौरान लोगों द्वारा फीडबैक में आधारभूत संरचनाओं एवं परिसम्पत्तियों के सुदृढ़ीकरण पर काफी हर्ष व्यक्त किया जा रहा है तथा मुख्यमंत्री के ऐसे लोक-कल्याणकारी एवं विकासात्मक कार्यों की काफी सराहना की जा रही है। आम जन द्वारा बताया जा रहा है कि सेवा संकल्प एवं मिशन कायाकल्प के तहत किए जा रहे ये कार्य ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, विकास कार्यों को गति देने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।


Post a comment