शेखपुरा में कहीं भाईयों ने खूनी भिड़ंत तो कहीं सड़क दुर्घटना, पांच लोग हुए जख्मी

शेखपुरा: जिले में जमीनी विवाद और सड़क हादसे की अलग-अलग घटनाओं में पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए शेखपुरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पहली घटना सिरारी थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव की है। यहां जमीन में हिस्सेदारी को लेकर दो भाइयों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। पीड़ित नवलेश यादव ने आरोप लगाया कि गाजो यादव, उनकी पत्नी मीणा देवी, पुत्री नेहा कुमारी तथा दो पुत्र विवेक कुमार और मुन्ना कुमार ने जमीनी विवाद को लेकर लाठी-डंडे से हमला कर दिया।

नवलेश यादव के अनुसार, हमले में वह स्वयं, उनकी पत्नी रिंकू देवी तथा दोनों पुत्र धीरज कुमार और सूरज कुमार घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने घटना की लिखित शिकायत पुलिस से कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं दूसरी घटना चेवाड़ा थाना क्षेत्र के चिंतामनचक गांव की है, जहां सड़क पर दो बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्वर्गीय रामजीत पंडित के पुत्र देवन पंडित गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।

  

Related Articles

Post a comment