शेखपुरा में RJD कार्यकर्ताओं ने दिया एक दिवसीय धरना, सरकार पर जम कर साधा निशाना

शेखपुरा: बिहार में बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार और महंगाई के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने सोमवार को राज्यव्यापी एक दिवसीय धरना कार्यक्रम आयोजित किया गया। शेखपुरा में टाउन थाना के समीप आयोजित धरना में राजद के पूर्व विधायक विजय सम्राट, वैशाली जिले के पातेपुर विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक प्रेमा चौधरी सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। धरना को संबोधित करते हुए प्रेमा चौधरी ने कहा कि आज बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश में लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के नाम पर राजनीति की जा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई, भ्रष्टाचार और अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार जनता की मूल समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय विपक्ष को बदनाम करने में लगी हुई है। उन्होंने लालू-राबड़ी के सरकारी आवास को खाली कराए जाने की कार्रवाई को सरकार की दुर्भावनापूर्ण मानसिकता का परिचायक बताया। वहीं पूर्व विधायक विजय सम्राट ने कहा कि शेखपुरा जैसे छोटे जिले में भी अपराध चरम पर पहुंच चुका है। दिनदहाड़े लूट, हत्या और अन्य आपराधिक घटनाएं लगातार हो रही हैं, लेकिन प्रशासन अपराध नियंत्रण में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ जनआवाज बुलंद करने के लिए बिहार के सभी जिलों में यह राज्यव्यापी धरना आयोजित किया गया है।

  

Related Articles

Post a comment