बेगूसराय के सिमरिया धाम में बनाया जाएगा कंट्रोल्ड वाटर चैनल, श्रद्धालुओं को स्नान में होगी सुविधा
- by Pratyek Media
- 19-Mar-2026
- Views
फ्लड कंट्रोल विभाग के अधिकारी व एमएलसी सर्वेश कुमार ने गंगा घाट पर संभावनाओं को तलाशा। पूरे साल फिल्टर्ड गंगधारा में स्नान करेंगे श्रद्धालु, योजना में बहुत कुछ शामिल। अभियंताओं के दल ने सरकार को भेजी रिपोर्ट, स्वीकृति मिली तो तैयार होगा प्राक्कलन। सिमरिया धाम में बनेगा कंट्रोल्ड वाटर चैनल, गंगा से लिफ्ट कर बहाई जाएगी धारा:- एमएलसी पार्षद सर्वेश कुमार
बेगूसराय: मिथिलांचल इलाके के प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों में एक सिमरिया धाम के चहुंमुखी विकास को लेकर सरकार की सजगता अब सामने आती दिख रही है। सिमरिया धाम में सरकार ने घाट, शौचालय, कपड़ा चेंजिंग रूम आदि का निर्माण कराया है, लेकिन गर्मी के दिनों सरकार द्वारा बनाई गई सीढ़ी (पौड़ी) धारा से लगभग 500 मीटर दूर चली जाती है। इस कारण श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
एमएलसी सर्वेश कुमार ने विधान परिषद के बीते सत्र में इस मामले न सिर्फ सवाल उठाया था बल्कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्मृद्धि यात्रा के दौरान भी ज्ञापन देकर ध्यान आकृष्ट कराया था। इतना ही नहीं 16 मार्च को पटना में जहां राज्यसभा चुनाव के मतदान को लेकर गहमागहमी चल रही थी वहीं एमएलसी सर्वेश कुमार जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी के समक्ष सिमरिया के विकास का मुद्दा उठा रहे थे। इस मौके पर संयोगवश जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष व सांसद संजय झा भी मौजूद थे।
गौरतलब हो कि सिमरिया धाम में घाट निर्माण से लेकर अबतक के विकास में संजय झा का बड़ा योगदान रहा है। एमएलसी के अनुरोध पर जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी ने प्रधान सचिव से सिमरिया में हरकी पौड़ी की तर्ज पर पौड़ी के निर्माण की संभावना तलाश कर रिपोर्ट देने को कहा। मंत्री ने इस कार्य में एमएलसी सर्वेश कुमार से भी सहयोग लेने का निर्देश दिया।
नतीजतन 17 मार्च को जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता रविन्द्र कुमार सिंह, कार्यपालक अभियंता मनीष सहित कई अभियंता सिमरिया धाम पहुंच कर पूरे घाट का निरीक्षण किया। उनके साथ एमएलसी सर्वेश कुमार भी मौजूद रहे। स्थल निरीक्षण के बाद अधीक्षण अभियंता ने गंगा के केनाल की जगह चैनल निर्माण को उपयुक्त माना। जिसका रिपोर्ट वे सरकार को भेजेंगे। हालांकि यह अभी तय नहीं हो पाया है कि यह चैनल मिथिला हाट स्थल, कल्पवास क्षेत्र या किस क्षेत्र से निकाला जाएगा। एमएलसी सर्वेश कुमार ने बताया कि योजना के अनुसार गंगा के मुख्य धारा से गंगा जल लिफ्ट कर चैनल के माध्यम से बहाया जाएगा। इससे बूढ़े, बच्चे व महिलाओं को गंगा स्नान करने में सुविधा होगी। साथ ही गंगाजल लिफ्ट करते समय पानी के स्वच्छता की व्यवस्था रहेगी।
उन्होंने बताया कि चैनल में पौड़ी का निर्माण होगा। पूरे साल चैनल में बहता पानी (गंगा जल) एक लेवल में मिलेगा। सिमरिया धाम में जब लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है उस समय में लोगों को सुविधा मिलने के साथ ही प्रशासन को भी भीड़ को नियंत्रित करना आसान हो जाएगा।


Post a comment