अपराधी ही नहीं लापरवाह अधिकारी भी हैं एसएसपी शौर्य सुमन के निशाने पर, मीरगंज के थानाध्यक्ष को कर दिया सस्पेंड
- by Manjesh Kumar
- 17-Nov-2026
- Views
पूर्णिया: आईपीएस डॉ शौर्य सुमन ने जब से पूर्णिया के एसएसपी का पदभार संभाला है अपराध नियंत्रण के साथ ही पुलिसकर्मियों की लापरवाही को लेकर भी लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। एक बार फिर उन्होंने पूर्णिया में लापरवाही और अनुशासनहीनता को लेकर सख्त रुख अपनाया है। एसएसपी ने मीरगंज थानाध्यक्ष आदित्य किरण को कर्तव्य में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, धमदाहा की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
लूट के मामले में दर्ज किया गुमशुदगी
दरअसल मामला 3 नवंबर 2026 का है। जानकारी के अनुसार, बड़हरा थाना क्षेत्र के निवासी शिव कुमार शर्मा अपनी भाभी के इलाज के लिए मोटरसाइकिल से मीरगंज जा रहे थे। इसी दौरान मीरगंज थाना क्षेत्र में बिस्कुट फैक्ट्री के पास दो अज्ञात अपराधियों ने उनकी बाइक रोककर मोबाइल फोन छीन ली। मामले में आरोप है कि थानाध्यक्ष ने लूटपाट के बदले मोबाइल गुम होने की प्राथमिकी दर्ज की। इतना ही नहीं, पीड़ित द्वारा दोबारा आवेदन देकर मोबाइल के अनधिकृत इस्तेमाल की आशंका जताने के बावजूद मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। जांच के दौरान इसे वरीय अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना और कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही माना गया।
एसएसपी सख्त
पूर्णिया SSP ने जांच रिपोर्ट के आधार पर मीरगंज थानाध्यक्ष आदित्य किरण को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, पूर्णिया निर्धारित किया गया है। इस कार्रवाई के जरिए पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि आम लोगों की शिकायतों की अनदेखी, कर्तव्य में लापरवाही और विभागीय अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


Post a comment