शेखपुरा में प्लास्टिक कचरा प्रबंधन को मिली रफ्तार, अत्याधुनिक यूनिट का हुआ उद्घाटन
- by Manjesh Kumar
- 21-Aug-2026
- Views
शेखपुरा: स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत शेखपुरा प्रखंड में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट (PMWU) का निर्माण पूरा होने के बाद इसका उद्घाटन उप विकास आयुक्त की उपस्थिति में किया गया। यूनिट का उद्देश्य पंचायत स्तर पर एकत्रित प्लास्टिक कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निपटान कर उसे उपयोगी एवं बिक्री योग्य बनाना है। PMWU में तीन प्रमुख मशीनें लगाई गई हैं। डस्ट रिमूवर मशीन से प्लास्टिक बोतल और पॉलीथिन की सफाई की जाएगी। वहीं प्लास्टिक बेलर मशीन की मदद से पॉलीथिन एवं प्लास्टिक बोतलों का 50 से 60 किलोग्राम तक का बंडल तैयार किया जाएगा, जिससे इसे आसानी से बिक्री के लिए भेजा जा सके।
प्लास्टिक श्रेडर मशीन के माध्यम से प्लास्टिक को छोटे टुकड़ों में काटा जाएगा। यूनिट के संचालन के लिए प्रखंड स्तर से सावित्री रिन्यूएबल एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड, पटना के साथ एकरारनामा किया गया है। ग्राम पंचायत स्तर पर निर्मित वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट (WPU) से प्लास्टिक कचरा लाकर PMWU में उसका प्रसंस्करण किया जाएगा। भविष्य में श्रेडर से तैयार प्लास्टिक का उपयोग सड़क निर्माण एवं प्लास्टिक पेवर ब्लॉक बनाने में किए जाने की योजना है। इससे कचरा प्रबंधन के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।


Post a comment