पटना के ग्रामीण इलाकों में भी बढ़ता जा रहा है मादक पदार्थों की तस्करी, एक तस्कर गिरफ्तार
- by Manjesh Kumar
- 09-Jul-2026
- Views
पटना: पटना जिले के नदी थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से कुल 423 डिबिया हेरोइन जैसा मादक पदार्थ, जिसका कुल वजन 162 ग्राम बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा 1500 खाली प्लास्टिक डिबिया, 5 कीपैड मोबाइल फोन, 1 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 4 प्लास्टिक कुप्पी, 1 कैंची, 1 प्लास्टिक साबुनदानी तथा 5 लाइटर भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी के घर पर छापेमारी की गई थी। इस दौरान 337 डिबिया हेरोइन (131 ग्राम) बरामद हुई थी और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद फरार चल रहे आरोपी को 9 जुलाई 2026 को नदी थाना क्षेत्र के टेढ़ी पुल के पास से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के समय उसके पास से 86 डिबिया हेरोइन (31 ग्राम) भी बरामद हुई। इस मामले में अलग से प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पहले से भी आर्म्स एक्ट एवं एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। इस कार्रवाई में नदी थाना के थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक सद्दाम हुसैन, पुलिस अवर निरीक्षक विवेक कुमार, सहायक अवर निरीक्षक संतोष कुमार, सहायक अवर निरीक्षक पप्पू पासवान, पुलिस प्रशिक्षण केंद्र के जवान राजेश कुमार सहित महिला सशस्त्र बल, गृहरक्षक तथा जिला सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।


Post a comment