शिक्षकों के सामान्य स्थानांतरण के लिए 4 अक्टूबर से पोर्टल पर शुरू होगा आवेदन
- by Manjesh Kumar
- 20-Sep-2026
- Views
पहले 17 सितम्बर से पोर्टल खुलने की तिथि निर्धारित थी। 4 से 10 अक्टूबर तक आवेदन लेने के लिए शिक्षा विभाग ने तिथि निर्धारित किया
पटना: राज्य के शिक्षकों का सामान्य स्थानांतरण के लिए अब 4 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन लिये जाएंगे। इसको लेकर शिक्षा विभाग ने आवेदन लेने के लिए तिथि निर्धारित कर दिया है। विदित हो कि बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली, 2026 के तहत शिक्षकों के सामान्य स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन 17 सितंबर से करने के लिए तिथि निर्धारित की गई थी, लेकिन राज्य में बाढ़ आने के कारण शिक्षा विभाग ने तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया है। शिक्षा विभाग ने बाढ़ की गंभीर स्थिति और प्राकृतिक आपदा को देखते हुए यह निर्णय लिया है।
शिक्षा विभाग ने संशोधित समय-सारणी जारी किया है, जिसमें समायोजन एवं पारस्परिक स्थानांतरण के बाद सामान्य स्थानांतरण के लिए संशोधित विद्यालयवार रिक्तियों का प्रकाशन 1 अक्टूबर को किया जाएगा। इसके बाद शिक्षक 4 से 10 अक्टूबर तक अपनी वरीयता के अनुसार विद्यालयों का विकल्प चुनकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद सामान्य स्थानांतरण की सूची के प्रकाशन, अपील और अपीलों के निष्पादन की प्रक्रिया 12 अक्टूबर से 18 नवंबर तक पूरी की जाएगी।


Post a comment