नालंदा में भोजपुरी अभिनेत्री काजल को देखने के लिए बेकाबू हुई भीड़, गाड़ी के शीशे तोड़े, शोरूम के उद्घाटन में पहुंची थी
- by Manjesh Kumar
- 19-Sep-2026
- Views
नालंदा: यूं तो इन दिनों राज्य में विभिन्न व्यावसायिक संस्थानों का उद्घाटन नेता, मंत्री और अन्य सेलिब्रिटी से करवाना एक स्टेटस सिंबल बना हुआ है। कई बार उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान भारी बवाल भी हो जाता है। ऐसा ही कुछ सामने आया है नालंदा से जहां एक शोरूम के उद्घाटन में पहुंची भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी की गाड़ी पर भीड़ ने हमला कर दिया। जानकारी मिल रही है कि इस दौरान भीड़ ने उनकी गाड़ी पर ईंट पत्थर से हमला कर दिया जिससे कार के शीशे भी टूट गए। गनीमत रही कि हमला में अभिनेत्री को किसी तरह से कोई नुकसान नहीं हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी नालंदा में एक शोरूम के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंची थी। उनके पहुंचने की खबर मिलने के बाद समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई। समर्थक अभिनेत्री की एक झलक पाने और उनसे हाथ मिलाने के लिए बरकरार दिखे। इस दौरान धीरे धीरे धक्का मुक्की शुरू हो गई। भीड़ को बेकाबू होता देख शोरूम संचालकों ने मोर्चा संभाला और लोगों को नियंत्रित करने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि संचालक की सूझबूझ से काजल राघवानी को भीड़ से बचाकर बाहर निकालने की व्यवस्था की गयी। अभिनेत्री के बाहर निकलते ही ड्राइवर ने कार को तेजी से वहां से बाहर निकाल लिया। इसी दौरान लोगों ने उनकी गाड़ी पर हमला कर दिया जिसमें कार के शीशे टूट गए।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आने की बात कही जा रही है घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल जो जानकारी मिल रही हैं उसके अनुसार, घटना में काजल राघवानी के सुरक्षित बाहर निकल गई।


Post a comment