तेजस्वी ने कहा सरकार का खजाना खाली, भाजपा ने किया करारा पलटवार

पटना: बिहार में लंबे समय से विपक्ष खजाना खाली होने का दावा करते हुए राज्य की सरकार कर कई तरह के हमले कर रहा है। एक बार फिर राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बड़े सवाल खड़े किए हैं। बुधवार को तेजस्वी यादव ने एक बार फिर राज्य की वित्तीय स्थिति पर सवाल खड़े किए। वहीं बीजेपी ने उनके आरोपों को पूरी तरह भ्रामक और निराधार बताया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को 94.29 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में 1100-1100 रुपये की राशि ट्रांसफर की। इस दौरान आयोजित ऑनलाइन कार्यक्रम में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर महीने की 10 तारीख तक लाभार्थियों के खाते में पेंशन की राशि हर हाल में पहुंचनी चाहिए। आकस्मिकता निधि से राशि निकालने पर उठे सवाल पेंशन भुगतान के लिए बिहार कैबिनेट द्वारा आकस्मिकता निधि (Contingency Fund) से 3662 करोड़ रुपये निकालने की मंजूरी को लेकर तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरा है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर कैबिनेट फैसले की प्रति साझा करते हुए दावा किया कि राज्य की आर्थिक स्थिति गंभीर हो चुकी है। तेजस्वी ने कहा कि आकस्मिकता निधि का इस्तेमाल आमतौर पर प्राकृतिक आपदा, अप्रत्याशित संकट या वित्तीय आपात स्थिति में किया जाता है। ऐसे में पेंशन जैसी नियमित योजना के लिए इस फंड का उपयोग चिंता की बात है। ‘क्या बिहार में वित्तीय आपातकाल की स्थिति है?’ तेजस्वी यादव ने सवाल उठाया कि क्या बिहार वित्तीय आपातकाल जैसी स्थिति की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास नियमित बजटीय प्रावधान से पेंशन देने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं बचे हैं।

तेजस्वी ने दावा किया कि कई ठेकेदारों का भुगतान एक साल से अधिक समय से लंबित है। 2023-24 में स्वीकृत कई योजनाओं का काम अब तक शुरू नहीं हुआ है। साथ ही बिजली कटौती, छात्रवृत्ति भुगतान में देरी और स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के प्रभावित होने का भी आरोप लगाया। फसल सहायता योजना बंद करने का भी लगाया आरोप तेजस्वी यादव ने कहा कि फंड की कमी के कारण सरकार ने बिहार राज्य फसल सहायता योजना को भी बंद करने का फैसला किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से राज्य की आर्थिक स्थिति पर जवाब देने की मांग की। 

भाजपा ने तेजस्वी के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि आकस्मिकता निधि से राशि निकालना पूरी तरह संवैधानिक प्रक्रिया है और देश के कई राज्यों में ऐसा होता है। उन्होंने कहा कि बाद में इस राशि को बजट में समायोजित कर दिया जाता है। नीरज कुमार ने दावा किया कि बिहार की अर्थव्यवस्था मजबूत है, विकास कार्य जारी हैं। बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था भी सही है। सड़क बिजली और विकास कार्य जारी हैं। बिहार की जीडीपी भी बेहतर है। तेजस्वी जी आप भ्रम फैलाना बंद कीजिए। बिहार की जनता आपको पहचान गई है।

  

Related Articles

Post a comment