भारत-नेपाल के बेटी-रोटी के रिश्ते को भरोसे और विश्वास से मजबूत कर रहे 41वीं वाहिनी एसएसबी के जवान

सीमा की सुरक्षा के साथ मानवता की सेवा में भी निभा रहे अहम भूमिका

किशनगंज: भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल के जवानों ने एक बार फिर अपनी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है। 41वीं वाहिनी एसएसबी रानीदांगा के जवान लगातार अपने सराहनीय कार्यों से सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों का विश्वास जीत रहे हैं। खास बात यह है कि हाल के दिनों में भातगांव चेकपोस्ट पर सामने आई दो घटनाओं ने एक बार फिर यह साबित किया है कि एसएसबी के जवान केवल सीमा की सुरक्षा तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि मानवता और आपसी विश्वास की रक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

ताजा मामला 41वीं वाहिनी की सीमा चौकी भातगांव चेकपोस्ट का है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार की शाम नेपाल के भद्रपुर निवासी मंजू खड़का खरीदारी के लिए गलगलिया बाजार आई थीं। इसी दौरान भातगांव चेकपोस्ट के नजदीक उनका मोबाइल फोन कहीं गिर गया। ड्यूटी पर तैनात महिला कांस्टेबल बी शनाया को उक्त मोबाइल फोन मिला। उन्होंने अपनी जिम्मेदारी का परिचय देते हुए तत्काल इसकी जानकारी शिफ्ट कमांडर को दी। इसके बाद शिफ्ट कमांडर ने कंपनी कमांडर दुर्गेश पांडेय को घटना से अवगत कराया।मोबाइल फोन में लॉक नहीं होने के कारण उसकी कॉल हिस्ट्री में मौजूद अंतिम नंबर पर संपर्क किया गया।

बातचीत के दौरान मोबाइल फोन की मालकिन को इसकी जानकारी दी गई कि उनका मोबाइल एसएसबी चेकपोस्ट पर सुरक्षित मिला है और वे आकर इसे प्राप्त कर सकती हैं। सूचना मिलने के बाद 13 नवंबर 2026 को मंजू खड़का एसएसबी कैंप भातगांव पहुंचीं। आवश्यक पहचान की पुष्टि करने के बाद उन्हें उनका मोबाइल फोन सही-सलामत वापस सौंप दिया गया। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर उन्होंने एसएसबी के जवानों के प्रति आभार व्यक्त किया और उनके इस ईमानदार कार्य की सराहना की।गौरतलब है कि यह पहली घटना नहीं है, जब भटगांव चेकपोस्ट पर तैनात 41वीं वाहिनी एसएसबी के जवानों ने अपनी ईमानदारी का परिचय दिया हो। इससे पहले भी कांस्टेबल शिवकुमार मौर्या ने नेपाल निवासी प्रियंका बिष्ट का खोया हुआ पर्स वापस लौटाकर सराहनीय कार्य किया था।

प्रियंका बिष्ट, जो भद्रपुर के वार्ड संख्या-6 स्थित भानुचौक की निवासी हैं, का पर्स भारत से नेपाल लौटते समय चेकपोस्ट के पास गिर गया था। पर्स में 43,500 नेपाली रुपये सहित अन्य जरूरी सामान मौजूद था। पर्स मिलने के बाद कांस्टेबल शिवकुमार मौर्या ने उसे उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाने का प्रयास किया। पर्स में मौजूद खरीदारी के बिल पर दर्ज मोबाइल नंबर के माध्यम से संपर्क स्थापित किया गया। इसके बाद प्रियंका बिष्ट अपने पति बिपिन कार्की के साथ एसएसबी कैंप पहुंचीं, जहां कांस्टेबल शिवकुमार मौर्या ने उन्हें उनका पर्स और उसमें रखी पूरी रकम सुरक्षित लौटा दी। अपना सामान और पूरी रकम वापस पाकर दंपती ने एसएसबी के जवानों का आभार व्यक्त किया था।

बेटी-रोटी के रिश्ते को मिल रही भरोसे की नई मजबूती

भारत और नेपाल के बीच केवल अंतरराष्ट्रीय सीमा ही नहीं, बल्कि सदियों पुराना सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक रिश्ता भी जुड़ा हुआ है। दोनों देशों के बीच बेटी-रोटी का संबंध इस आपसी निकटता की पहचान है। ऐसे में सीमा पर तैनात एसएसबी के जवानों द्वारा नेपाली नागरिकों के खोए हुए सामान और कीमती वस्तुओं को ईमानदारी के साथ वापस लौटाना दोनों देशों के नागरिकों के बीच विश्वास और आत्मीयता को और मजबूत करता है।भातगांव चेकपोस्ट पर लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं यह संदेश देती हैं कि वर्दी का फर्ज केवल सीमा की निगरानी करना नहीं, बल्कि जरूरत के समय मानवता और इंसानियत का परिचय देना भी है।

एक ओर एसएसबी के जवान देश की सीमाओं की सुरक्षा में मुस्तैद हैं, तो दूसरी ओर अपने छोटे-बड़े मानवीय कार्यों से लोगों के दिलों में भरोसे की जगह भी बना रहे हैं। निश्चित रूप से ऐसे कार्य भारत-नेपाल के मैत्रीपूर्ण संबंधों को जमीनी स्तर पर और मजबूती प्रदान करते हैं।

  

Related Articles

Post a comment