अररिया पुलिस की अब तक की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में स्मैक और मादक पदार्थ बनाने की सामग्री के साथ 6 को दबोचा

अररिया: बिहार में शराबबंदी के बाद से अवैध शराब तथा अन्य मादक पदार्थों की तस्करी बड़े पैमाने पर की जा रही है। हालांकि पुलिस भी लगातार कार्रवाई है और मादक पदार्थों के साथ ही तस्करों को भी गिरफ्तार कर रही है। इसी कड़ी में अररिया के एसपी के नेतृत्व में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अररिया पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए करीब 4.080 किलो मादक पदार्थ तथा बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बनाने की सामग्री बरामद की है।

मामले में अररिया पुलिस की तरफ से जानकारी दी गई कि गुरुवार को गुप्त सूचना के आधार पर मॉर्फिन (मादक पदार्थ बनाने की सामग्री बरामद की गई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान 4 किलो 80 ग्राम स्मैक, 50 किलो स्मैक बनाने प्रयोग होने वाला सफेद पाउडर, 1 लीटर एसिटाइल क्लोराइड लिक्विड, 5 लीटर डिस्टिल्ड वाटर, प्लास्टिक का जिपर, एक स्कॉर्पियो गाड़ी, एक टब बरामद किया गया है। बताया जा रहा है कि पकड़े गए लोग मादक पदार्थ बना कर बड़े पैमाने पर कारोबार करते थे।

पुलिस की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार 6 तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसमें चार लोग इस्माइल शेख, रिंकू महलदार, नबीरूल और रमजानी महलदार मालदा के रहने वाले हैं जबकि जोगबनी निवासी रियाज अंसारी और मुकेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है। बताया गया कि आरएस थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार कार्रवाई करते हुए 812 ग्राम स्मैक जब्त किया था। इसके साथ ही नगर थाना की पुलिस को मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 1616 ग्राम स्मैक जब्त किया गया।

अररिया पुलिस की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार एक अन्य सूचना के आधार पर बड़ी मात्रा मादक पदार्थ बनाने का सामान पकड़ा गया। पकड़े गए तस्करों ने बताया कि नगर थाना पुलिस के द्वारा पकड़ा गया पाउडर मॉर्फिन है जिससे 20 गुना अधिक मादक पदार्थ तैयार किया जा सकता है। गिरफ्तार तस्करों ने स्मैक बनाने की प्रक्रिया भी बताई। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई करते हुए गिरोह के उद्भेदन की कोशिश में जुट गई है।

  

Related Articles

Post a comment