जनता की समस्या का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता - विजय खेमका
- by Manjesh Kumar
- 18-Jul-2026
- Views
पूर्णिया: सदर विधायक विजय खेमका ने पूर्णिया पूर्व प्रखंड के अंतर्गत लगे जनता दरबार का निरीक्षण किया। आवेदकों की बातों को भी सुना। इस दौरान संबंधित विभागों के कई अधिकारियों की अनुपस्थिति तथा जनता दरबार की अव्यवस्थित व्यवस्था पर विधायक ने नाराजगी जाहिर की। विधायक ने राजस्व अधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों का विधिवत पंजीकरण करने, आवेदकों के बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता तथा संबंधित अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं नियमानुसार समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रत्येक शनिवार प्रखंड मुख्यालय में जनता दरबार की व्यवस्था की है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायतों एवं नगर निकाय के वार्डों में सहयोग शिविर आयोजित किए जाते हैं। वहीं प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को सभी पंचायतों में विकास शिविर एवं ग्राम सभा आयोजित कर गांव के समग्र विकास की योजनाओं पर चर्चा एवं क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने कहा कि न्याय के साथ विकास की सरकार में प्रत्येक पात्र व्यक्ति की समस्या का समाधान सुनिश्चित है।
विधायक ने अधिकारियों को अगाह करते हुए कहा जनता की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनता दरबार की सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करें तथा प्राप्त आवेदनों का त्वरित निष्पादन भी सुनिश्चित करें। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक, प्रखंड विकास पदाधिकारी, राजस्व अधिकारी, बीस सूत्री अध्यक्ष पानो देवी सहित प्रतिनिधि पवन भगत, संजय मिश्रा, वीरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में आवेदक उपस्थित थे।


Post a comment