विक्रमशिला पुल पर अभी बंद नहीं होगा परिचालन, मरम्मत को लेकर अब प्रशासन ने तय किया...
- by Manjesh Kumar
- 23-Aug-2026
- Views
भागलपुर: बिहार के पूर्वी भाग में स्थित विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन कार्य को लेकर एक अहम अपडेट सामने आया है। पुल निर्माण निगम के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आगामी 28 अगस्त की रात से विक्रमशिला सेतु को बंद नहीं किया जाएगा और इसके मरम्मत का कार्य अब बाढ़ का समय बीतने के बाद शुरू करने का फैसला लिया गया है। हालांकि, इस निर्णय की अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है, लेकिन इस फैसले से स्थानीय आबादी को बड़ी राहत मिलने के संकेत हैं।
वर्तमान में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और क्षेत्र में संभावित बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। ऐसे माहौल में यदि सेतु पर परिचालन पूरी तरह बंद कर दिया जाता, तो भागलपुर, नवगछिया, कटिहार, पूर्णिया और मधेपुरा समेत कई जिलों का संपर्क पूरी तरह से टूट जाता। इसके साथ ही जारी श्रावणी मेले में कांवड़ियों और आम यात्रियों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए फिलहाल कार्य टालने पर सहमति बनी है। नई तिथि के चयन को लेकर विभागीय स्तर पर मंथन जारी है। पथ निर्माण विभाग के उच्च अधिकारियों की बैठक के बाद ही अगली डेडलाइन तय की जाएगी। जब तक नई तिथि का आधिकारिक ऐलान नहीं हो जाता, तब तक सेतु पर छोटे वाहनों का परिचालन सामान्य रूप से पूर्ववत जारी रहेगा।
सोमवार को संबंधित अधिकारियों की दिल्ली से वापसी के बाद इस पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है। पुनर्स्थापन कार्य के तहत सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से में नए स्लैब, 35 मीटर लंबे ट्रस ब्रिज, स्टील गर्डर और बेयरिंग बदलने का काम किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में लगभग तीन महीने का समय लगने का अनुमान है। कार्य संपन्न हो जाने के बाद सेतु को दो लेन में संचालित किया जाएगा, जिस पर 30 टन तक की क्षमता वाले वाहनों की सुगम आवाजाही संभव हो सकेगी।


Post a comment