17-18 जून को बरारी प्रखंड मुख्यालय में लगेगा विशेष जनकल्याण शिविर, एक ही छत के नीचे मिलेंगी सरकारी योजनाओं की सेवाएं
- by Manjesh Kumar
- 11-Jun-2026
- Views
कटिहार: आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ सरल और सुगम तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बरारी प्रखंड मुख्यालय में 17 एवं 18 जून को दो दिवसीय विशेष जनकल्याण शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर गतिविधियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन एवं अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रखंड मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) धीरेन्द्र कुमार धीरज ने की।
बैठक में अंचलाधिकारी (सीओ) मनीष कुमार, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी (बीपीआरओ) राजकुमार सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मी तथा प्रखंड क्षेत्र के सभी बैंक शाखाओं के प्रबंधक मौजूद रहे। अधिकारियों ने शिविर के संचालन, लाभुकों की सुविधा, आवेदन प्रक्रिया और विभिन्न योजनाओं के समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की। बैठक में बताया गया कि विशेष जनकल्याण शिविर का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके तहत लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं से संबंधित सेवाएं और जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
शिविर के दौरान लाभुकों से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे, आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जाएगी तथा ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। साथ ही लंबित आवेदनों और मामलों का त्वरित निष्पादन कर पात्र व्यक्तियों को संबंधित योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी। बैंकिंग सेवाओं से जुड़े मामलों के समाधान के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी। प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार शिविर में आयुष्मान भारत योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), पीएम सूर्य घर योजना, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, लखपति दीदी कार्यक्रम, दिव्यांगजन कल्याण योजनाओं सहित कई जनहितकारी योजनाओं की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा पात्र लाभुकों को योजनाओं की जानकारी देने और आवेदन प्रक्रिया में सहायता करने के लिए विशेष हेल्प डेस्क भी स्थापित किए जाएंगे।
लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभागवार अलग-अलग काउंटर बनाए जाएंगे, जहां संबंधित अधिकारी और कर्मी मौजूद रहेंगे। शिविर में आने वाले लोगों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करने तथा उनकी समस्याओं का समाधान करने की व्यवस्था भी की जाएगी। बीडीओ धीरेन्द्र कुमार धीरज ने बैठक में सभी अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिविर का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि शिविर में आने वाले किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासन ने प्रखंड क्षेत्र के सभी पात्र लाभुकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे 17 और 18 जून को आयोजित इस विशेष जनकल्याण शिविर में आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाएं तथा अपनी लंबित समस्याओं का समाधान कराएं।


Post a comment