कटिहार के इस पंचायत में वार्ड सदस्य ने उठाई सरकारी योजनाओं की जांच की मांग, कहा 'भारी अनियमितता'

कटिहार: बरारी प्रखंड क्षेत्र की सुखासन पंचायत की वार्ड संख्या-1 की वार्ड सदस्य विमला देवी ने पंचायत में संचालित सरकारी योजनाओं के कार्यान्वयन में अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पंचायत के विभिन्न वार्डों में चल रहे विकास कार्यों में पारदर्शिता का अभाव है, जिससे ग्रामीणों के बीच कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। वार्ड सदस्य ने बताया कि वर्तमान में वार्ड संख्या-1, 4, 7, 8 सहित अन्य स्थानों पर कलवर्ट निर्माण कार्य कराया जा रहा है। नियमों के अनुसार प्रत्येक निर्माण स्थल पर योजना संबंधी सूचना बोर्ड लगाया जाना चाहिए, जिसमें योजना का नाम, स्वीकृत राशि, योजना मद, एजेंसी और कार्य अवधि की जानकारी अंकित रहती है। लेकिन पंचायत में चल रहे अधिकांश निर्माण कार्यों के स्थलों पर सूचना बोर्ड नहीं लगाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि बोर्ड नहीं रहने के कारण आम लोगों को यह जानकारी नहीं मिल पा रही है कि कार्य किस योजना मद से कराया जा रहा है तथा उस पर कितनी राशि खर्च की जा रही है। इससे कार्यों की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। विमला देवी ने आरोप लगाया कि संबंधित पदाधिकारियों की मिलीभगत के कारण ऐसी अनियमितताओं पर कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत और आवेदन देने के बावजूद मामलों की सिर्फ लीपापोती कर दी जाती है तथा अंततः योजनाओं की राशि का भुगतान भी कर दिया जाता है।

वार्ड सदस्य ने जिला प्रशासन एवं वरीय अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच करने तथा दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है, ताकि विकास कार्यों का लाभ सही तरीके से आम जनता तक पहुंच सके।

  

Related Articles

Post a comment